बड़ी खबर: देश के महान जैन तीर्थ मुक्तागिरी के मंदिरों के ताले तोडकर चोरी, जांच में जुटी पुलिस
सीसीटीवी कैमरों के केबल काटने के बाद अंदर घुसे चोर
Today Betul News: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में स्थित देश के महान जैन तीर्थ मुक्तागिरी के मंदिरों को चोरों ने अपना निशाना बना दिया है। भैंसदेही थाना क्षेत्र में महाराष्ट्र की सीमा पर स्थित जैन तीर्थ मुक्तागिरी में चोरों ने शुक्रवार रात धावा बोला। चोरों ने यहां 15 मंदिरों के ताले तोडकर एक मंदिर से मूर्ति का चांदी का छत्र चुरा लिया है। अन्य मंदिरों से चोर क्या के गए हैं इसका पता लगाया जा रहा है।
मुक्तागिरी जैन तीर्थ स्थल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार के शनिवार सुबह मंदिर का ताला खोलने के लिए कर्मचारी पहुंचे तो मंदिरों के ताले टूटे हुए थे। एक मंदिर में मूर्ति का चांदी का छत्र गायब है। इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर भैंसदेही पुलिस और एसपी सिद्धार्थ चौधरी पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एफएसएल टीम और डाग स्क्वाड ने भी जांच की है। बताया गया है कि चोरों ने अपनी वारदात को अंजाम देने से पहले सीसीटीवी कैमरों के केबल काट दिए और उसके बाद चोरी की। कुछ वर्ष पहले भी मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। पुलिस की टीम जांच कर रही है।
पहाड़ी पर स्थित हैं 52 मंदिर
बैतूल जिला मुख्यालय से 95 किलो मीटर और बैतूल-परतवाड़ा मार्ग पर भैंसदेही से 55 किमी दूर मुक्तागिरी में भगवान महावीर के समकालीन मगध सम्राट श्रोणिक बिंबसार ने पर्वत पर वर्ष 1488 में 52 जिनालय के निर्माण की नींव रखी थी।
वर्तमान मंदिरों का पूर्ण अस्तित्व 1893 सामने आया था। इनमें से नीचे के दो मंदिर संगमरमर तथा 50 मंदिर का निर्माण पत्थरों से हुआ है। मान्यता है कि कभी-कभी चौदस पर 26 वें मंदिर के पास चंदन की बारिश होती है। 31 से 34 नंबर तक के मंदिरों में चरण पादुकाएं और 40 नंबर का मंदिर जो पर्वत के गर्भ में खुदा है, इसमें भगवान शांतिनाथ की प्रतिमा है।