जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करना पहली प्राथमिकता: निलय डागा:

आमला विधान सभा के चारो नवनियुक्त अध्यक्षों के साथ की रणनीतिक बैठक|

बैतूल। आमला विधानसभा क्षेत्र में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष निलय डागा ने चारों नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण और रणनीतिक बैठक जिला कार्यालय में आयोजित की। बैठक में हाल ही में नियुक्त जिला संगठन महासचिव बृजभूषण पांडे ने विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए संगठन विस्तार की ठोस रूपरेखा रखी।

बैठक में आमला ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र भावसार, सारनी ब्लॉक अध्यक्ष बटेश्वर भारती, बोरदेही ब्लॉक अध्यक्ष महेश यादव और सारनी ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष ललित यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष निलय डागा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना ही पहली प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक ब्लॉक में पंचायत कमेटियों का गठन शीघ्र किया जाए और उसके साथ ही हर वार्ड में सक्रिय वार्ड कमेटियां बनाई जाएं, ताकि संगठन की पकड़ बूथ स्तर तक सुनिश्चित हो सके।

निलय डागा ने कहा कि जब तक संगठन की जड़ें गांव और वार्ड तक नहीं पहुंचेंगी, तब तक जनता की आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठाई जा सकती। उन्होंने चारों ब्लॉक अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि प्रत्येक स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित कर रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजी जाए।

जिला संगठन महासचिव बृजभूषण पांडे ने बैठक में विस्तृत कार्ययोजना रखते हुए बताया कि आने वाले समय में सदस्यता अभियान, बूथ सशक्तिकरण और जनसमस्याओं के संकलन पर विशेष जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि पंचायत और वार्ड कमेटियों के गठन के बाद एक संरचित नेटवर्क तैयार होगा, जिसके माध्यम से आमजन की समस्याएं सीधे जिला स्तर तक पहुंचेंगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलनात्मक कार्यक्रम भी तय किए जाएंगे।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आमला विधानसभा क्षेत्र के चारों ब्लॉकों में अलग-अलग चरणों में संगठनात्मक समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। हर ब्लॉक अध्यक्ष को समयबद्ध लक्ष्य दिए गए हैं और कार्य की प्रगति की निगरानी की जाएगी।

रणनीतिक बैठक का स्वर और संदेश साफ था कि कांग्रेस अब आमला विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक ढांचे को नीचे से ऊपर तक व्यवस्थित कर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ना चाहती है। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं में सक्रियता और उत्साह का माहौल दिखाई दिया, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियां तेज होने वाली हैं।

– पुलवामा के शहीदों को किया नमन

बैठक के समापन अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पुलवामा में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में हुआ आतंकी हमला देश के इतिहास का अत्यंत पीड़ादायक अध्याय है, लेकिन हमारे वीर सैनिकों का साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण सदैव अमर रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीद जवानों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की एकता और अखंडता की रक्षा की है, जिसके लिए समूचा राष्ट्र उनका सदैव ऋणी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button