बड़ा हादसा : स्कूल की वैन लुढ़कते हुए सरोवर में गिरी, छात्रा ने कूदकर बचाई जान

Betul News: बैतूल। जिले के मुलताई नगर में शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया। एक निजी स्कूल की वैन लुढ़कते हुए सरोवर में चली गई। जिस वक्त यह हादसा हुआ वैन में स्कूल की एक छात्रा बैठी हुई थी। उसने सरोवर में वैन के पहुंचने से पहले कूदकर अपनी जान बचाई। इससे उसे कंधे पर चोट आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुलताई के वीआईपी स्कूल के बच्चों को लाने और ले जाने के लिए जिस वैन का उपयोग किया जा रहा है उसके चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। शुक्रवार को वैन चालक के द्वारा विद्यार्थियों को स्कूल ले जाने के लिए सूर्य नारायण सरोवर के पास वैन को चालू हालत में खड़ा कर दिया। उस वक्त वैन में एक छात्रा बैठी हुई थी।
चालक वैन को चालू छोड़कर किसी अन्य छात्र को लेने के लिए चला गया। तभी वैन लुढ़कने लगी। वैन में बैठी छात्रा मुस्कान गोस्वामी घबरा गई। उसने वैन को सरोवर की ओर जाता देखा तो हिम्मत से काम लिया और चालक की सीट के पास का गेट खोलकर बाहर छलांग लगा दी। कुछ ही पल में वैन लबालब भरे सरोवर के भीतर चली गई।
छात्रा मुस्कान गोस्वामी ने बताया कि वैन के अचानक चल जाने से मैं घबरा गई। वैन के गेट भी अंदर से नही खुलते हैं। ऐसे में चालक की सीट पर गई और गेट खोलकर जान बचाने के।लिए कूद गई। इससे कंधे पर चोट आई है। यदि वह नही कूदती तो वैन के साथ सरोवर में चली जाती।
सूचना मिलते ही मुलताई पुलिस मौके पर पहुंची और वैन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस घटना से स्कूल वाहनों के संचालन में की जा रही लापरवाही जहां उजागर हो गई है वहीं पुलिस और प्रशासन की अनदेखी भी सामने आ गई है। स्कूल वैन के गेट अंदर से नही खुलते हैं, बच्चों को लाने ले जाने का काम कर रहे वाहनों में ना तो अटेंडर रहते हैं और ना ही सुरक्षा के कोई इंतजाम ही किए गए हैं।




