ट्रेचिंग ग्राउंड के कायाकल्प की तैयारी, सीएमओ ने किया निरीक्षण।

कंपोस्ट पिट, एमआरएफ सेंटर और सीएंडडी प्लांट सुधार के निर्देश । स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और पौधारोपण पर फोकस।

बैतूल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देश अनुसार शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर पालिका ने ट्रेचिंग ग्राउंड के व्यापक सुधार की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। सीएमओ नवनीत पांडेय ने ट्रेचिंग ग्राउंड का निरीक्षण कर स्वच्छता, प्रबंधन और सौंदर्यीकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान कंपोस्ट पिट और शेड की पुताई कर उन्हें व्यवस्थित और आकर्षक बनाने, साथ ही एमआरएफ सेंटर को सुव्यवस्थित कर उसकी पुताई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सीएमओ ने सीएंडडी वेस्ट प्लांट पर सामग्री अनलोडिंग के लिए प्लेटफॉर्म और शेड निर्माण कराने, ट्रेचिंग ग्राउंड स्थित कार्यालय भवन की पुताई, परिसर में अधिक से अधिक वृक्षारोपण और लीगेसी वेस्ट के निष्पादित क्षेत्र को समतल कर व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए। समीक्षा बैठक में ट्रेचिंग ग्राउंड से जुड़े सभी कार्यों में तेजी लाने पर जोर देते हुए नए सूचना बोर्ड लगाने, टीन शेड की पेंटिंग और मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया।

परिसर की सड़क और आसपास पूर्ण स्वच्छता बनाए रखने, कहीं भी कचरा या पॉलिथीन नजर न आने की सख्त हिदायत दी गई। एंट्री पॉइंट और एफएसटीपी प्लांट क्षेत्र में खजूर के पेड़ लगाने तथा पूरे ट्रेचिंग ग्राउंड के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। कंपोस्ट पिट से तैयार खाद के सुरक्षित और व्यवस्थित भंडारण पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सार्वजनिक शौचालयों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए, वहीं पोर्टल पर चिन्हित स्कूलों और कॉलेजों के सर्वेक्षण के लिए टीम गठित करने का निर्णय लिया गया। जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए गिलहरी प्रयास अभियान के तहत शहर में होर्डिंग, वॉल पेंटिंग और पैंपलेट वितरण के माध्यम से गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण को बढ़ावा दिया जाएगा। कचरा संग्रहण वाहनों में स्थानीय गोंडी भाषा में स्वच्छता जिंगल प्रसारित करने की योजना भी प्रस्तुत की गई।

नगर पालिका ने सभी आरआरआर सेंटरों के सुचारू संचालन, उचित साइन बोर्ड लगाने, कम लागत में 2-बिन सिस्टम डस्टबिन उपलब्ध कराने और सोशल मीडिया, प्रेस नोट व कॉल सेंटर के लिए प्रभावी ऑपरेशनल सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चयनित स्थानों पर वर्तमान स्थिति का आकलन कर अभियान के बाद उन्हें आदर्श स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। नगर पालिका ने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button