Betul news: पूर्व विधायक स्व.विनोद कुमार डागा की 75वीं जन्म जयंती पर ग्राम कोलगाँव में बड़ादेव पूजन और आरती का होगा आयोजन
स्व डागा की स्मृति में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता टीमों को पारितोषिक वितरण किया जाएगा

बैतूल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कोषाध्यक्ष एवं बैतूल के पूर्व विधायक स्व. विनोद कुमार डागा की 75वीं जन्म जयंती पर आज 19 मई 2024 दिन रविवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उनकी जन्म जयंती के अवसर पर 19 मई रविवार को प्रातः 10.30 बजे न्यू डागा हाउस, गांधी चौक, कोठी बाजार में 75 दीपक प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इस अवसर पर उनके व्यक्तित्व को याद किया जाएगा।
इस दिन ग्राम कोलगांव में शाम 06 बजे बड़ादेव पूजन और आरती का आयोजन एवं आदिवासी संस्कृति का रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति के विभिन्न रंग देखने को मिलेंगे। इसके साथ ही भोजन प्रसादी का भी आयोजन होगा। इसके पश्चात शाम 7 बजे से स्व डागा की स्मृति में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें विजेता टीमों को पारितोषिक वितरण किया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों में कोलगांव और आसपास के क्षेत्रवासियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। आयोजकों में कोलगांव, मॅचगोहान, जसौंदी, ताम्यागढ़, घुटीगढ़, नायकचारसी, सांईखंडारा, रौधा, दीवान चारसी, बोरीकांस, बगदरी, सालार्जुन, गोराखार, सरण्डई, बडोरी, हाथीडिंगर, चारबन, घोघरी, सेलगांव, ढोढरामोहार, पिपला, मांडवा, गाड़वा, हथनाझिरी, चुरनी, बोथी सियार, सिवनपाट, बोरपानी, मूसाखेड़ी, बिजासनी, खटगढ़, निरगुड, गोंदा, पातरा, जूनावानी एवं अन्य क्षेत्रों के लोग शामिल होंगे।
इस प्रकार के आयोजनों से स्व. विनोद कुमार डागा जी की स्मृतियों को संजोने और उनके द्वारा समाज के लिए किए गए कार्यों को स्मरण करने का अवसर प्राप्त होगा। यह आयोजन समाज को एकजुट करने और सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।




