Water Crisis : गर्मी शुरू होते ही सूखी नगर पालिका की जीवनधारा, शहर में 3 दिनों से जीवनधारा जल की सप्लाई बंद

Betul Samachar : बैतूल। नगर में कम मूल्य पर स्वच्छ पानी उपलब्ध करने का दावा करने वाली नगर पालिका की जीवनधारा जलतृप्ति योजना का खंजनपुर स्थित वाटर प्लांट विगत 3 दिनों से बंद पड़ा हुआ है। वाटर प्लांट बंद होने से प्रतिदिन एटीएम से पानी लेने वाले लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में भीषण गर्मी पड़ रही है, ऐसे में लोगों को पानी भी अधिक लग रहा है, लेकिन ऐन समय पर जब लोगों को पानी की आवश्यकता है प्लांट बंद पड़ा हुआ है। ऐसी स्थिति में लोगों को मंहगा पानी खरीदना पड़ रहा है।

नगर पालिका द्वारा भी वाटर प्लांट के बंद होने का कोई कारण नहीं बताया जा रहा है। वाटर प्लांट बंद होने से लोगों को प्रतिदिन पानी के लिए भटकते हुए देख रहे हैं। जीवनधारा जल तृप्ति योजना के उपभोक्ताओं ने बताया कि नगर पालिका द्वारा संतोषप्रद जवाब नही दिया जा रहा है और ना ही वाटर प्लांट चालू किया जा रहा है। अन्य लोगों ने बताया कि वाटर प्लांट प्रारंभ करते समय नगर पालिका ने बड़े बड़े दावे किए थे, लेकिन भीषण गर्मी में बंद वाटर प्लांट से तमाम दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
सवाल यह उठता है कि जब लोगों को पानी की उतनी आवश्यकता नही थी तब वाटर प्लांट चालू था, लेकिन गर्मी बढ़ने के साथ ही जब पानी की आवश्यकता बढ़ी तो वाटर प्लांट बंद कर दिया गया है ऐसी स्थिति में आम जनता को परेशान होना पड़ रहा है। नागरिकों ने नगर पालिका से तत्काल वाटर प्लांट प्रारंभ करने की मांग की है।




