Murder In Betul: शराब ठेकेदार के कर्मचारी को कंबल बेचने वालों ने धारदार हथियार से मौत के घाट उतारा
- मृतक का जीवित अवस्था का फोटो।
Today Crime News Betul – बैतूल। जिले के मोहदा थाना क्षेत्र में चिल्लौर के पास स्थित ढाबे पर बुधवार रात शराब ठेकेदार के कर्मचारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। क्षेत्र में कंबल बेचने का काम करने वाले तीन लोगों ने हत्या को अंजाम दिया है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
मोहदा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चिल्लौर गांव के पास स्थित किशन ढाबे पर बुधवार रात में शराब ठेकेदार के कर्मचारी विक्रम चौहान का ढाबे पर पहुंचे कंबल बेचने वाले तीन चार लोगो से विवाद हो गया। इस विवाद के बीच आरोपियों में से एक ने विक्रम के सीने में धारदार हथियार मार दिया। जिसके बाद घायल विक्रम को भीमपुर ले जाया गया।जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कंबल बेचने वाले करननाथ, काना नाथ और दिलीप को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब ठेकेदार रितेश मालवीय के अनुसार विवाद किस बात को लेकर हुआ है इसकी जानकारी नहीं मिली है। यह पता चला है कि मृतक विक्रम और आरोपी बंजारा समाज के होने के चलते एक दूसरे को जानते थे। सभी एक साथ ढाबे पर बैठे भी थे। इसके बाद विवाद किस बात पर हुआ यह पता नहीं लगा है।
बताया गया है कि आरोपी चिचोली के चंडी दरबार से लौट रहे थे और ढाबे पर गाड़ी खड़ी करने को लेकर कुछ कहा सुनी हुई थी। इसी दौरान एक ने धारदार नुकीले हथियार से विक्रम के सीने पर वार कर दिया। ह्रदय के पास चोट आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस के द्वारा अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।