स्व विजय खंडेलवाल की स्मृति में सजेगा दिलकश नगमों का मंच, आवाज के सितारे देंगे प्रस्तुति

भारतीय सिने संगीत की विरासत को सहेजने की पहल, आवाज के सितारे कार्यक्रम 21 फरवरी को

बैतूल। स्व.विजय खंडेलवाल की स्मृति में शब्द संस्था द्वारा 21 फरवरी शनिवार को नगर में “आवाज के सितारे, दिलकश नगमों का सफर” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शब्द संस्था के निरंतर सांस्कृतिक सफर का हिस्सा है, जिसमें देश के दिग्गज शायरों और गीतकारों द्वारा रचित मधुर गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।

– लगातार अभ्यास में जुटे स्थानीय कलाकार

कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए स्थानीय कलाकार चार से पांच घंटे तक निरंतर अभ्यास में जुटे हुए हैं। संस्था द्वारा पूर्व वर्षों से मंचित किए जा रहे गीत-संगीत के आयोजनों की इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कलाकार पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ तैयारियों में लगे हैं।

कार्यक्रम के संगीत पक्ष को मधुर और प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी नगर के प्रसिद्ध संगीत मर्मज्ञ नामदेव अतुलकर ने संभाली है। वे संगीत की बारीकियों को गहराई से समझते हुए हर प्रस्तुति को सुरीला स्वरूप देने के लिए सतत प्रयास कर रहे हैं।

– ताल और वाद्य पक्ष में दिखेगा सधा हुआ संगम

ताल पक्ष में शरद पारधी, शिवम धोटे, अर्जुन धुर्वे और संतोष करोले निरंतर अभ्यास कर रहे हैं। वहीं मशहूर गिटार वादक स्वजिले जोसेफ और नगर के उभरते कलाकार रितेश यादव अपने वाद्य कौशल का प्रदर्शन करेंगे, जिससे प्रस्तुतियों में विशेष आकर्षण जुड़ने की उम्मीद है।

– पुराने मधुर गीतों की होगी यादगार प्रस्तुति

कार्यक्रम के संयोजक प्रमोद अग्रवाल ने बताया कि नगर के श्रेष्ठ कलाकारों द्वारा प्रस्तुत यह आयोजन आपसी तालमेल और अनुभव के साथ सफल बनाने के लिए सभी साथी प्रतिबद्ध हैं। शब्द संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारी प्रशांत तिवारी और विवेकानंद विज्ञान महाविद्यालय के प्रबंधक निर्गुण देशमुख ने बताया कि यह कार्यक्रम पुराने मधुर गीतों पर आधारित है और भारतीय सिने जगत की समृद्ध सुरीली विरासत को संजोने के उद्देश्य से शब्द संस्था सह आयोजक जिला हिंदी साहित्य समिति के साथ मिलकर इसे आयोजित कर रही है। कार्यक्रम को स्थानीय श्रोताओं का भरपूर समर्थन मिलने की उम्मीद है। उक्त जानकारी शब्द संस्था बैतूल के अजय दुबे अधिवक्ता द्वारा दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button