Tallest Soybean Plant : अजूबा बना 15 फीट ऊंचा सोयाबीन का पौधा, कृषि वैज्ञानिक भी हैरान, अब करेंगे रिसर्च

सबसे ऊंचा सोयाबीन का पौधा, जानें कौन सी है यह किस्म

Tallest Soybean Plant : BETUL : आमतौर पर सोयाबीन की जितनी भी किस्में हैं उसमें पौधे की अधिकतम ऊंचाई एक फीट से चार फीट तक होती है लेकिन सोयाबीन का पौधा 15 फीट तक की ऊंचाई का हो जाए तो यह अजूबा ही कहा जाएगा। कृषि वैज्ञानिक भी सोयाबीन के पौधे की इतनी ऊंचाई और दो साल से उसके जीवित होने को लेकर बेहद हैरान हैं। अब इस सीजन में उसके बीज मिलने पर रिसर्च करने की बात कही जा रही है।

सोयाबीन का यह पौधा मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूलबाजार नगर में लगा हुआ है। नगर के उन्नत कृषक और युवा व्यवसायी आशीष वर्मा ने दो वर्ष पहले खरीफ सीजन में सोयाबीन की बुवाई करने के लिए अपनी चाय दुकान के सामने कुछ दाने अंकुरण करने के लिए बो दिए थे। अंकुरण होने के बाद सोयाबीन का एक पौधा तेजी से बढ़ने लगा। उन्होंने उसे सुरक्षित कर दिया और नियमित देखभाल करने लगे। धीरे-धीरे उसकी ऊंचाई बढ़ने लगी तो आशीष ने बांस का सहारा देकर उसे बांध दिया। पौधे में समय पर फल आए और फल्लियां भी लग गईं। पकने पर उन्हें करीब 400 ग्राम से अधिक बीज भी प्राप्त हुआ।

सोयाबीन के पकने की अवस्था पूरी हाेने के बाद भी पौधा हराभरा ही था। अपनी दुकान के सामने लहलहाते पौधे की आशीष ने और सुरक्षा कर दी जिससे अब उसकी ऊंचाई करीब 15 फीट हो गई है। दुकान पर आने वाले ग्राहक पौधे को देखकर आश्चर्यचकित हो जाते हैं और जैसे ही उन्हें पता चलता है कि सोयाबीन का पौधा है और दो वर्ष का हो गया है तो वे इसे अजूबा ही मानते हैं।

बैतूलबाजार के कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक विजय वर्मा ने मीडिया को बताया कि  वे भी सोयाबीन का पौधा दो वर्ष में 15 फीट की ऊंचाई का होने से आश्चर्यचकित हैं।इस बार उसमें फल लगते हैं तो उसके बीज काे रिसर्च करने के लिए भेजा जाएगा। हालांकि कई उन्नत किसानों का मानना है कि तीन से चार फीट तक की ऊंचाई के पौधे में ही जब फल लगते हैं तो वह भार सहन नहीं कर पाता है और जमीन पर गिर जाता है। इस पौधे को भी बांस के सहारे से बांधकर रखा गया है इस कारण से इसकी ऊंचाई इतनी अधिक हो गई है। खेती करने के लिए इतनी ऊंचाई और वह भी दो वर्ष तक पालने के बाद होगी तो किसानों काे हर पौधे को बांस के सहारे बांधना पड़ेगा।

वैज्ञानिकों के लिए भले ही यह रिसर्च का विषय हो सकता है लेकिन किसान 90 से 100 दिन में पकने वाली सोयाबीन की किस्म पर ज्यादा भरोसा करते हैं तो क्या वे ऐसी कोई किस्म बाेएंगे जिससे वर्ष में एक बार उपज पाने के लिए बांस के सहारे बांधकर पालना होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button