Snake Video : प्लास्टिक के ड्रम में रेत-मिट्टी के साथ छिपाकर रखा था दो मुंहा सांप
वन विभाग की टीम ने (रेड सेंड बोआ) सांप को दाभोना गांव में तलाश कर जब्त किया

Snake News : बैतूल। जिले के ग्राम दाभोना में वन विभाग की टीम ने ग्रामीण के घर में प्लास्टिक के ड्रम में रेत-मिट्टी के साथ छिपाकर रखा दो मुंहा सांप (रेड सेंड बोआ) बरामद किया है। वन विभाग के द्वारा आरोपित के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 40, 50, 51, 52 के तहत वन अपराध पंजीबद्ध कर सांप को जंगल में छोड़ा है।
जानकारों की मानें तो वास्तव में इसका नाम जरूर दोमुंहा हो लेकिन ये दो मुंह वाला होता नहीं। शायद इसे दोमुंहा इसलिए भी कहा गया क्योंकि इसकी पूंछ भी मुंह जैसी ही नजर आती है. इसलिए लोगों को लगता है कि इस सांप के मुंह दोनों ओर हैं। ये दुर्लभ होते हैं लिहाजा अब सांपों के स्मगलर इन्हें मोटे दामों पर खरीदते हैं और खासे ऊंची कीमत पर देश-विदेश में बेच देते हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दक्षिण वनमंडल के अंतर्गत आने वाले परिक्षेत्र सावलमेंढा के अधिकारियों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दाभोना में दादू पिता जीरू धावड़े के पास घर में दो मुंहा सांप है। वन मंडलाधिकारी दक्षिण (सा.) बैतूल विजयानन्तम टी.आर. (भा.व.से.) के निर्देश पर टीम का गठन किया गया और जांच हेतु भेजा गया। टीम ने जांच के दौरान दादू या जीरू के घर पहुंचकर उससे पूछताछ की। पहले तो दादू ने घर में सांप रखने की बात से इंकार किया । बाद में घर की तलाशी ली गई ताे प्लास्टिक की ड्रम में रेत मिट्टी के साथ एक रेड सेंड बोआ प्रजाति का सांप पाया गया। आरोपित के घर से सांप रेड सेंड बोआ का रेस्क्यू कर पंचनामा तैयार किया गया।
रेस्क्यू किए गए सांप को वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 40, 50, 51, 52 के तहत जप्त कर वन अपराध प्रकरण जारी किया गया। रेस्क्यू किए गए सांप सहित आरोपित को परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया। आरोपित दादू धावड़े ने पूछताछ के दौरान वन विभाग की टीम को बताया कि जब वह खेत से अपने घर जा रहा था तभी उसे रास्ते में रेड सेंड बोआ सांप मिला। उसने सांप को खेत के रास्ते से पकड़ा और घर पर लाकर प्लास्टिक के ड्रम में रख दिया था। वन विभाग की टीम ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जब्त किए गए सांप को सुरक्षित ढंग से घने जंगल में छोड़ दिया गया। टीम में रमेश महस्की वनपाल, प्रवीण गुप्ता बीटगार्ड, उत्सव मालवीय बीटगार्ड एवं सुरक्षा श्रमिको द्वारा विशेष योगदान रहा।
चूहे, कीड़े-मकोड़े का करता है शिकार:
रेड सेंड बोआ स्नेक मनुष्यों से दूर भागता है। यह सांप चूहे, कीड़े-मकोड़े और छोटे जानवरों के शिकार पर निर्भर करता है। यह लोगों के लिए खतरा नहीं होता है। अभी तक इसके द्वारा मनुष्यों को काटने का कोई मामला सामने नहीं आया है। वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट के अनुसार, यह सांप शांत प्रवृति का होता है।




