अमानवीय घटना: सेना में पदस्थ जवान ने माता-पिता को लाठी से पीटा, पेशाब पिलाने का भी आरोप

Betul Crime News: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम टेमझिरा ब में निवास करने वाले पति–पत्नी को सेना में पदस्थ बेटे ने लाठी से पीटा और पेशाब भी पिला दी। घायल अवस्था में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। मुलताई पुलिस ने आरोपित बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टेमझिरा ब गांव में निवास करने वाले मलुकचंद पिता कली सूर्यवंशी 74 और उनकी पत्नी मंगली बाई पति मलुकचंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका पुत्र प्रभु सूर्यवंशी सेना में नौकरी करता है। वह कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव आया है। 10 दिसम्बर को वह रात्रि में वह घर में आया और पैसे की मांग करते हुए हमें गालियां देने लगा। गाली देने से जब उसे मना किया तो उसने लाठी से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। पत्नी बचाने के लिए आई तो उसे पीटा।
पीने के लिए पानी मांगा तो पेशाब पिला दी। रात में बिस्तर पर ठंडा पानी डाल दिया। मुलताई पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धारा 323, 294, 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में मुलताई थाना प्रभारी प्रज्ञा शर्मा ने मीडिया को बताया है कि दंपती ने मारपीट करने भर की जानकारी दी थी। उन्हे मुलताई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से बैतूल रेफर किया गया है। बैतूल में दंपती ने पेशाब पिलाने, ठंड में रखने की जानकारी दी है तो दोनों के बयान दर्ज कर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।




