सेवा अवधि की गणना पर सरकार से तत्काल आदेश की मांग…

ओल्ड पेंशन स्कीम को लेकर फिर गरमाया मामला| शिक्षक-कर्मचारियों ने कहा, संवैधानिक अधिकार दिलाकर रहेंगे...

बैतूल। प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना कर ग्रेच्युटी, अवकाश नगदीकरण, वरिष्ठता तथा परिवार पेंशन योजना को 30 मार्च 2021 से लागू करने की मांग को लेकर नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम मध्यप्रदेश ने सरकार के समक्ष आवाज बुलंद की है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सचिव एवं प्रांताध्यक्ष परमानंद डेहरिया के नेतृत्व में प्रांतीय कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, मध्यप्रदेश शासन के समस्त मंत्रिमंडल, मुख्य सचिव तथा अपर सचिव शिक्षा विभाग को ज्ञापन सौंपकर अविलंब आदेश जारी करने की मांग की।

एनएमओपीएस के बैतूल जिला अध्यक्ष रवि सरनेकर, कार्यकारी जिला अध्यक्ष राजेंद्र कटारे ने बताया कि संगठन ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार से भी आग्रह किया कि वरिष्ठता एवं परिवार पेंशन योजना को 30 मार्च 2021 से लागू करने का विषय विधानसभा के पटल पर रखा जाए। ज्ञापन में कहा गया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा अवधि की गणना कर ग्रेच्युटी, अवकाश नगदीकरण एवं पुरानी पेंशन का लाभ अब तक समस्त विभागों के शिक्षकों और कर्मचारियों को नहीं मिल रहा है। इसे लेकर विगत कई वर्षों से शिक्षक और कर्मचारी आंदोलनरत हैं तथा भविष्य में बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।

संगठन का कहना है कि जनप्रतिनिधियों से संवाद के दौरान प्रथम नियुक्ति से सेवा गणना कर सभी स्वत्वों का लाभ देने का आश्वासन मिलता है, लेकिन अब तक आदेश जारी नहीं हुए हैं। उधर भोपाल में आयोजित धन्यवाद सभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा परिवार पेंशन योजना का प्रस्ताव कैबिनेट में पारित करने पर आभार व्यक्त किया गया। साथ ही मांग की गई कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नेशनल पेंशन स्कीम में 30 मार्च 2021 से लागू परिवार पेंशन की तिथि से ही मध्यप्रदेश के सभी कर्मचारी और अधिकारियों को इसका लाभ दिया जाए।

संगठन ने कहा कि परिवार पेंशन लागू होना कर्मचारियों के लंबे संघर्ष का परिणाम है और सभी संघर्षशील साथियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button