शिव बारात की झांकियों में दिखेंगे मनोरम दृश्य, चलित लड्डू गोपाल बनेंगे आकर्षण
हल्दी रस्म हुई संपन्न, आज लगेगी त्र्यंबकेश्वर को मेहंदी

15 फरवरी को बैतूल में दिखेगा दिव्य और अलौकिक शिव बारात का स्वरूप
बैतूल। थाना महाकाल चौक स्थित शिवालय में चल रहे शिव विवाह महोत्सव अंतर्गत हल्दी की परंपरागत रस्म श्रद्धा और विधि-विधान के साथ गुरुवार को संपन्न हो गई। उत्सव की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए अब त्र्यंबकेश्वर की मेहंदी रस्म आज 13 फरवरी, दिन शुक्रवार को रात्रि 8 बजे आयोजित की जाएगी।
समिति के आदर्श अग्निहोत्री ने बताया कि विवाह उत्सव अंतर्गत आयोजित मेहंदी रस्म की जिम्मेदारी साक्षी शर्मा, कशिश तातेड, कृष्णा अमरुते, सरिता राठौड़, प्रमिला धोत्रे, वंदना बंजारे, निर्मला यादव, रेनू चौरसिया, बिल्लो पवार, सरिता श्रीवास्तव, कल्पना मांझी, मीरा खेड़ले, आरती शुक्ला, ममता शुक्ला, सोनम मिश्रा और ज्योति यदुवंशी को सौंपी गई है। सभी प्रभारी पारंपरिक विधि-विधान से रस्म संपन्न कराएंगी।
इधर, श्री शंभू भोले सेवा उत्सव समिति ने बारात को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और दृश्यात्मक रूप से स्मरणीय बनाने की तैयारी पूर्ण कर ली है। समिति के लक्की यादव ने बताया कि शिव बारात में इस बार विशेष झांकियों के माध्यम से मनोरम दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे। बारात का प्रमुख आकर्षण चलित लड्डू गोपाल जी रहेंगे, जो एक विशेष सुसज्जित गाड़ी में सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे। श्रद्धालुओं को चलते रथ पर लड्डू गोपाल के दर्शन का अवसर मिलेगा, जिससे बारात का आध्यात्मिक वातावरण और सजीव होगा।
– भक्ति और सौंदर्य का संगम बनेगी बारात
समिति के अनुसार शिव बारात को इस बार पारंपरिक स्वरूप के साथ दृश्यात्मक रूप से भी समृद्ध किया जा रहा है। नगर भ्रमण के दौरान झांकियों, साज-सज्जा और धार्मिक प्रस्तुति के माध्यम से शिव भक्ति का वातावरण निर्मित किया जाएगा। आयोजन को सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए समिति के सदस्य सतत सक्रिय हैं।




