inspection:सीसी सड़क निर्माण का नपाध्यक्ष, सीएमओ ने किया निरीक्षण
नगर के विकास में नहीं रहेगी किसी प्रकार की कमी: नपा अध्यक्ष

बैतूल। शहर के टैगोर वार्ड में बनी नवनिर्मित सीसी रोड का गुरुवार 1 फरवरी को नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर और मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद पिंटू परिहार भी मौके पर मौजूद रहे। पार्षद ने नपाध्यक्ष, सीएमओ को वार्ड का भ्रमण करवाकर अन्य विकास कार्यों से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने सड़क निर्माण के दौरान खोदी गई पाइपलाइन को तत्काल प्रभाव से शिफ्टिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता को देखा एवं अन्य कार्य को समय सीमा में पूर्ण करने के भी दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर वार्डवासियों की समस्याओं को भी सुना और उन्हें जल्द ही दूर किये जाने का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान नपा अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर ने कहा कि नगर के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। वार्डों की मूलभूत समस्याओं को दूर करने के साथ ही निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा। इन कार्यों के पूरा होने से वार्डवासियों एवं यहां आने जाने वालों को काफी राहत मिलेगी। वार्ड पार्षद पिंटू परिहार ने कहा कि निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जा रहा है। वार्ड के विकास में किसी तरह की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्व में सड़क नहीं होने से वार्ड वासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब सीसी सड़क निर्माण से मार्ग सुलभ हो जाएगा। आवागमन में कोई दिक्कत नही होगी। विकास कार्यों को अमली जामा पहनाने के लिए उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।




