race competition: 5 फरवरी को होगी राज्य स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता
पुरुष वर्ग को 10 हजार, महिला वर्ग को 5 हजार नगद मिलेगा प्रथम पुरस्कार

बैतूल। कमांडो ग्रुप बैतूल द्वारा आगामी 5 फरवरी को जिला मुख्यालय पर लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में राज्य स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कमांडो अकादमी के डायरेक्टर आर्मी फिजिकल ट्रेनर पवन कुमार आहके ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस भर्ती एवं अग्नि वीर रैली टेस्ट भारती के उद्देश्य से दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है ताकि युवा भर्ती रैली में शामिल होने के लिए फिजिकल एवं मानसिक रूप से मजबूत हो सके। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 2 मिनट 30 सेकंड में 800 मी दौड़ लगाना होगा, इसमें 50 युवाओं का बैच पास आउट होगा। दूसरे चरण में 2 मिनट 30 सेकंड में पास आउट जवानों को ही मौका दिया जाएगा जिसमें 800 मीटर दौड़ में टॉप 10 आने पर ही पुरस्कार दिया जाएगा। इस 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में शामिल युवा अपनी स्वयं की जिम्मेदारी से भाग ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि पुरुष वर्ग के लिए 10 हजार प्रथम पुरस्कार रखा गया है, वहीं महिला वर्ग के लिए 5 हजार प्रथम पुरस्कार है। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए पुरुष वर्ग को 250 प्रवेश शुल्क एवं महिला वर्ग को 150 प्रवेश शुल्क देना निर्धारित किया गया है। पुरुष वर्ग के लिए कुल 10 ईनाम एवं महिला वर्ग के लिए 7 इनाम निर्धारित किए गए हैं। दौड़ प्रतियोगिता सुबह 6 बजे से होगी। फिजिकल ट्रेनर पवन ने बताया युवाओं को डिफेंस की तैयारी के लिए राज्य स्तरीय टेस्ट रैली भर्ती का आयोजन किया गया है। टेस्ट रैली में शारीरिक प्रशिक्षण से कैसे गुजरना है,मार्गदर्शन करेंगे। पवन का कहना है कई युवाओं का सपना आर्मी, पुलिस में जाने का होता है, लेकिन सही मार्गदर्शन नहीं मिलने की वजह से उनका सपना अधुरा रह जाता है। इसलिए टेस्ट रैली में भर्ती से जुड़ी जानकारी के साथ-साथ फिजिकल ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में राज्य स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता में शामिल होने का आग्रह किया।




