HM Leadership Training: एचएम लीडरशिप प्रशिक्षण विकासखंड स्तर पर करने की मांग
भीषण गर्मी और दूरी से परेशान शिक्षकों ने उठाई आवाज, राज्य कर्मचारी संघ ने सौंपा ज्ञापन

बैतूल। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जिला बैतूल इकाई द्वारा बुधवार 16 अप्रैल को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान प्रभात पट्टन में चल रहे एचएम लीडरशिप प्रशिक्षण को लेकर प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा गया। कर्मचारी संघ की ओर से मांग की गई कि यह प्रशिक्षण वर्तमान में डाइट प्रभात पट्टन में आयोजित किया जा रहा है, जहां शिक्षकों को भीषण गर्मी और लंबी दूरी के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए इस प्रशिक्षण को विकासखंड स्तर पर जनपद शिक्षा केंद्रों में आयोजित किया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सचिन राय ने बताया कि महिला और पुरुष शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रभात पट्टन आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में यह और भी चुनौतीपूर्ण हो गया है। ऐसे में प्रशिक्षण को प्रत्येक विकासखंड स्तर पर आयोजित करना ही उचित होगा, जिससे शिक्षकों की भागीदारी और सुविधा दोनों सुनिश्चित हो सकेगी। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री पंजाब गायकवाड, विनोद देशमुख और प्रकाश सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी इस मांग का समर्थन करते हुए शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेने की अपील की। कर्मचारी संघ ने आशा जताई कि शिक्षकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डाइट प्रशासन जल्द ही निर्णय लेकर प्रशिक्षण स्थान परिवर्तन पर विचार करेगा।




