Ramacharya puja organized: देश की तरक्की के लिए हिंदूधाम अयोध्या में सम्पन्न हुआ रामाचार्य पूजन

अग्रसेन योग केंद्र की सहभागिता से आयोजित हुआ कार्यक्रम


बैतूल। विश्व एवं राष्ट्र कल्याण के लिए विगत सोमवार अयोध्या के नयाघाट स्थित प्रसिद्ध हिंदूधाम में रामाचार्य पूजन का आयोजन अग्रसेन योग केंद्र बैतूल के तत्वाधान में सम्पन्न हुआ। योग केंद्र प्रमुख एवं राठौर समाज के पूर्व अध्यक्ष अनिल राठौर के नेतृत्व में किये गए पूजन में हिंदूधाम के वशिष्ठ पीठाधीश्वर ब्रह्मर्षि डॉ.रामविलास दास वेदांती महाराज ने अपना पवित्र सानिध्य प्रदान किया। कार्यक्रम को लेकर श्री राठौर ने बताया कि सर्वप्रथम आश्रम में विराजमान भगवान सीताराम का भोग लगाकर आरती-पूजन किया गया। उसके बाद विधि-विधान पूर्वक मंत्रोच्चार के साथ रामाचार्य पूजन किया गया। इस शुभ अवसर पर वशिष्ठ पीठाधीश्वर महंत डॉ.रामविलास दास वेदांती महाराज ने उपस्थित साधु- संतों और भक्तगणों को रामाचार्य पूजन की कथा विस्तार पूर्वक सुनाई और प्रवचन दिया। कथा के समापन उपरांत श्रीरामाचार्य भगवान की दिव्य आरती उतारी गई। पूजन के अंत में सभी भक्तगणों को श्रीरामाचार्य की प्रसादी वितरित की गई। इस अवसर पर ब्रह्मर्षि डॉ. रामविलास दास वेदांती महाराज के शिष्य हिंदूधाम एवं वशिष्ठ भवन पीठाधिपति महंत राघवेश दास वेदांती महाराज ने कहा कि श्रावण शुक्ल प्रतिपदा पर मंदिर प्रांगण में रामाचार्य पूजन के आयोजन का काफी महत्व माना जाता है। पूजन में अयोध्या के साधु-संत से लेकर आश्रम से जुड़े हुए भक्तगण सम्मिलित हुए। जिन्होंने पूरे श्रद्धा भाव के साथ श्री रामाचार्य भगवान के प्रति अपनी आस्था और श्रद्धा निवेदित की। पूजन के पश्चात वेदांती महाराज ने अपने संदेश में कहा कि विश्व और राष्ट्र कल्याण के लिए यह धार्मिक अनुष्ठान आयोजित हुआ है। जिससे सभी में विश्व बंधुत्व की भावना बनी रहे। सब लोग मिल-जुलकर रहें। उनमें आपसी एकता-भाईचारा बना रहे। किसी प्रकार की वैमनस्यता न हो। अमन, शांति पूरे विश्व तक जाए। भारत देश तरक्की के पथ पर अग्रसर हो। भारत पूरे विश्व में परचम लहराये। वह फिर से विश्व गुरु बने, जिसकी गणना दुनिया के शक्तिशाली देशों में हो। इन्हीं उद्देश्यों को लेकर रामाचार्य पूजन किया गया है। इस मौके पर प्रमुख यजमान के रूप में राठौर समाज के पूर्व अध्यक्ष अनिल राठौर, योगाचार्य रोशन जी मौखडे, श्यामराव बारस्कर, प्रकाश साहू, धनराज, मधु राठौर, सुरेश, हेमंत चिल्हाटे, श्रीमती माला राठौर, शारदा,सुमन, ललिता माया प्रतिभा भी आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button