जागरूकता का यह कैसा संदेश, वाहन रैली में हवा हुए यातायात नियम
- रैली में पीलियन राइडर ने नहीं लगाए हेलमेट
बैतूल। पुलिस के संरक्षण में महिला दिवस के मौके पर गुरुवार को वाहन जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें पुलिसकर्मियों के साथ सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया गया। पुलिस के द्वारा इसे वाहन जागरूकता रैली का नाम दिया गया और शाम पांच बजे महिला थाना से इसे प्रारंभ किया गया।
रैली में वाहन चलाने वालों के द्वारा तो हेलमेट लगाए थे लेकिन अधिकांश वाहनों में पीछे बैठने वालों ने यातायात नियमों का पालन करने की जरूरत ही नहीं समझी। महिलाओं को जागरूक करने के लिए निकाली गई रैली में यातायात नियमों का उल्लंघन वह भी पुलिस के संरक्षण में करने की सीख शहर के प्रमुख मार्गों से गुजर रहे लोगों को जरूर मिल गई है।
महिला थाना से निकाली गई रैली नेहरू पार्क चौराहे से चौपाटी होते हुए गंज पुलिस थाना वापस आई। यहां पर इसका समापन किया गया। इस वाहन रैली के सामने यातायात पुलिस के वाहन भी सायरन बजाते हुए चल रहे थे, इस कारण राह से गुजरने वाले लोग बाइक पर पीछे बैठने वाले को बिना हेलमेट लगाए पुलिस की सुरक्षा में जाते हुए देखते रहे। पुलिस के द्वारा स्वयं ही मुख्यालय के आदेशों को हवा में उड़ाने की खूब चर्चा हो रही है।
दरअसल 1 अक्टूबर 2022 को ही पुलिस मुख्यालय ने दो पहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले को भी हेलमेट लगाना अनिवार्य करते हुए सभी पुलिस अधीक्षकों को आदेश दिए थे। पुलिस हेडक्वार्टर (PHQ) ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षकों को जारी आदेश में कहा गया है कि अब बाइक चालक समेत पीलियन राइडर को भी हेलमेट पहनने की पाबंदी रहेगी। सभी पेट्रोल पंप पर फ्लैक्स, बैनर के माध्यम से लोगों को इसकी जानकारी दी जाए। हेलमेट नहीं होने पर पार्किंग की सुविधा नहीं देने और पेट्रोल पंपों पर भी बिना हेलमेट धारकों को पेट्रोन न देने के संबंध में हिदायत देने के लिए कहा गया था।
