एनएसएस शिविर में डिजिटल सुरक्षा पर कार्यशाला, रोटरी क्लब ने दिए साइबर सतर्कता के टिप्स

बैतूल। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैतूल की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के बौद्धिक सत्र में रोटरी क्लब बैतूल द्वारा डिजिटल जागरूकता विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष जितेंद्र धुंडे ने मुख्य वक्ता के रूप में स्वयंसेवकों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि जिस तेजी से तकनीक का विस्तार हो रहा है, उसी गति से डिजिटल धोखाधड़ी के मामले भी बढ़ रहे हैं। डिजिटल साक्षरता का अर्थ सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से तकनीक का इस्तेमाल करना है। उन्होंने मजबूत पासवर्ड रखने और समय-समय पर बदलने की आवश्यकता बताई तथा किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने की सलाह दी।
सत्र में सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने के खतरों और प्राइवेसी सेटिंग्स के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। इंटरनेट पर फैलने वाली फेक न्यूज की पहचान और उनकी पुष्टि करने के तरीकों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों ने डिजिटल बैंकिंग और साइबर बुलिंग से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका रोटरी क्लब के प्रतिनिधियों ने विस्तार से उत्तर दिया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी शंकर सातनकर ने रोटरी क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे बौद्धिक सत्र विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं। इस अवसर पर रोटरी क्लब के कोषाध्यक्ष वैभव आखरे, रोटेरियन राकेश नांदेकर, महाविद्यालय स्टाफ, एनएसएस के स्वयंसेवक एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रोटरी क्लब द्वारा स्वयंसेवकों को टी-शर्ट एवं एनएसएस कैंप सामग्री भी प्रदान की गई।




