घोड़ाडोंगरी में आदिवासी किसानों ने निकाली हरियाली रैली, 5 हजार फलदार पौधों की मांग को लेकर पुलिस चौकी प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
श्रमिक आदिवासी संगठन और समाजवादी जन परिषद ने शासन से निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराने तथा आमजन से बीज और प्लास्टिक थैलियां उपलब्ध कराने की अपील की

बैतूल/घोड़ाडोंगरी। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर फलदार पौधरोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्रमिक आदिवासी संगठन और समाजवादी जन परिषद का हरियाली जनजागरण अभियान शुक्रवार को घोड़ाडोंगरी पहुंचा। अभियान के तहत निकाली गई हरियाली रैली के बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र के लिए 5 हजार फलदार पौधे उपलब्ध कराने की मांग की। रैली में सेकलाल, राजू, प्रेमलाल, हरेलाल, गुड्डू, मंगलू, राजेन्द्र गढवाल, सोनू सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवाओं ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
– पर्यावरण और रोजगार का साझा समाधान
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने बाजार क्षेत्र में लोगों से अधिक से अधिक फलदार और छायादार पौधे लगाने की अपील की। संगठन ने कहा कि आज देश के सामने बिगड़ता पर्यावरण, घटता जलस्तर, बढ़ती गर्मी और बेरोजगारी सबसे बड़ी चुनौतियां हैं। इन समस्याओं का स्थायी समाधान बड़े पैमाने पर फलदार पौधरोपण से संभव है। कार्यकर्ताओं ने आदिवासी समाज के वीर नायकों गंजनसिंग, विष्णुसिंग, मोकमसिंग और जंगूसिंग के संघर्षों का स्मरण करते हुए जंगलों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का आह्वान किया।
– 22 वर्षों से चल रहा अभियान
संगठन के अनुसार श्रमिक आदिवासी संगठन और समाजवादी जन परिषद पिछले 22 वर्षों से बैतूल और हरदा जिले में हरियाली अभियान चला रहे हैं। इस दौरान गांव-गांव में 50 हजार से अधिक फलदार पौधे लगाए जा चुके हैं। संगठन का कहना है कि खाली पड़ी जमीन पर फलदार पौधे लगाकर उनका संरक्षण किया जाए तो कुछ वर्षों में लोगों को फल, छाया और भू-जल संरक्षण का लाभ मिलेगा। साथ ही फल प्रसंस्करण आधारित रोजगार के अवसर भी विकसित किए जा सकते हैं।
– शासन और समाज से सहयोग की अपील
संगठन ने शासन से ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क फलदार पौधे उपलब्ध कराने और लगाए गए पौधों का नियमित रिकॉर्ड रखने की मांग की। वहीं आमजन से किराना सामग्री में आने वाली एक और दो किलो की प्लास्टिक थैलियां तथा फलों के बीज उपलब्ध कराने की अपील की गई, ताकि उनसे पौधे तैयार कर आगामी वर्षा ऋतु में गांवों में लगाए जा सकें। संगठन ने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन और समाज दोनों का सहयोग जरूरी है।
– शाहपुर में होगा अगला चरण
संगठन ने बताया कि हरियाली जनजागरण अभियान के अंतर्गत बैतूल, कायदा (हरदा), चिरापाटला, चिचोली और घोड़ाडोंगरी में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। अभियान का अगला चरण 8 अगस्त को शाहपुर में आयोजित होगा। अभियान का नेतृत्व राजेन्द्र गढ़वाल, रविशंकर, संजय आर्य, रामदीन, फुलबतीबाई, सेकलाल और लक्ष्मण सहित संगठन के कार्यकर्ता कर रहे हैं।




