Mahakal’s engagement: बाबा महाकाल की धूमधाम से हुई सगाई, आज होगा टीका
महाशिवरात्रि पर महादेव को दूल्हा और माता गौरी को दुल्हन बनाने की तैयारी

बैतूल। थाना महाकाल चौक कोठी बाजार स्थित शिवालय में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ शिव विवाह की लीला हो रही है। पूरे रीति रिवाज के साथ महाशिवरात्रि पर भूत भावन, भस्म रमैया महादेव को दूल्हा और माता गौरी को दुल्हन बनाने की तैयारी जोर शोर से चल रही हैं। विवाह उत्सव के अंतर्गत शुक्रवार 1 मार्च को श्री शंभू भोले उत्सव सेवा समिति द्वारा थाना महाकाल चौक कोठीबाजार स्थित शिवालय पर बाबा की सगाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर इस सगाई महोत्सव में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। गाजे बाजे के साथ धूमधाम से सगाई की सामग्री दी गई। इसके साथ ही 8 मार्च तक विभिन्न पारंपरिक वैवाहिक रस्में होगी। इस दौरान भस्म रमैया को हल्दी भी लगाई जाएगी। इसे संयोग ही कहेंगे कि भस्म रमैया बाबा को अब श्रद्धालु हल्दी चंदन का उबटन लगाकर दूल्हा बनाएंगे और बारात निकालकर विवाह उत्सव में भी शामिल होंगे।
— आज होगा टीका महोत्सव–
समिति द्वारा शिवालय को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। शिव विवाह के खास अवसर के लिए शिव और पार्वती के लिए विशेष परिधान तैयार कराए गए हैं।
भगवान शिव की बरात महाशिवरात्रि के दिन 8 मार्च को निकलेगी। मान्यता है कि महाशिवरात्रि के दिन ही भगवान शिव व मां पार्वती दाम्पत्य सूत्र में बंधे थे। लोक परम्परा के तहत ही भगवान भोलेनाथ के शादी की सभी रस्में भी पूरी की जा रही हैं। इसी क्रम में आज शनिवार 2 मार्च को सायं 7 बजे से शिवालय में भगवान शिव का टीका होगा। टीका महोत्सव की जिम्मेदारी महाकाल भक्त शैली चौहान, ललिता वागद्रे, रेणुका चौरसिया, अनीता वट्टी, कल्पना धोटे, आभा श्रीवास्तव, ममता झरबडे, पूजा सांवले, सोमती धुर्वे, कायम कावरे को सौंपी गई।




