Fraud of Rs 1.20 lakh: वन नेशन वन राशनकार्ड योजना के नाम पर ग्रामीणों से 1.20 लाख की धोखाधड़ी, एसपी से शिकायत
ग्रामीणों का आरोप- राशनकार्ड बनवाने के नाम पर कमलेश भाले ने की ठगी

Fraud of Rs 1.20 lakh: बैतूल। आमला ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्र में वन नेशन वन राशनकार्ड योजना के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ग्राम मुआरिया बारंगवाड़ी निवासी आवेदक अनिल उइके ने श्रद्धा पति कमलेश भाले पर ठगी का आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। अनिल उइके ने बताया कि एक वर्ष पहले कमलेश भाले ने उन्हें इस सरकारी योजना के तहत मासिक 8 हजार रुपये वेतन देने का झांसा देकर चार महीने तक काम कराया। इसके बाद कमलेश ने ग्रामीणों के राशनकार्ड के नाम पर लगभग 1.20 लाख रुपये हड़प लिए और अपनी आईडी पर पैसे जमा करवाकर जनता के पैसों का दुरुपयोग किया।
अनिल का आरोप है कि कमलेश भाले ने इस काम के लिए किए गए श्रम का भुगतान भी नहीं किया और न ही ग्रामीणों को वन नेशन वन राशनकार्ड दिलवाए, जिसके लिए उनसे पैसे लिए गए थे। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है, और अब ग्रामीण या तो राशनकार्ड की मांग कर रहे हैं या अपनी राशि वापस चाहते हैं। अनिल ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि वह कोरोना काल से बेरोजगारी की मार झेल रहे थे और इस आर्थिक संकट के समय में कमलेश ने उनका लाभ उठाया। उनके अनुसार, कमलेश भाले ग्रामीणों के पैसे लौटाने में असमर्थ है। वह धमकी भी देता है कि तुमसे जो बन पड़े कर लो, मैं न पैसे लौटाऊंगा और न राशनकार्ड बनवाऊंगा।
इस मामले में अनिल के साथ अन्य ग्रामीण राजू धुर्वे, राबू उइके, चुरणलाल, सुरेश, आयुष, अशोक, निलेश, पप्पू, नितेश, बस्तीराम, बिहारी, बिसराम उइके, और मनक सिरसाम भी शामिल हैं, जिन्होंने एसपी से कमलेश भाले पर कानूनी कार्रवाई करने और उनके वित्तीय खातों की जांच करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उनकी रकम वापस नहीं हुई तो आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा।




