निराश्रितों के लिए आश्रय व्यवस्था की मांग

आप ने बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर होर्डिंग लगाने का किया अनुरोध


बैतूल। आम आदमी पार्टी ने जिले के सभी प्रमुख स्थानों बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और पंचायत स्तर पर वृद्धाश्रम और अनाथालय की जानकारी प्रदर्शित करने हेतु सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक को एक आवेदन दिया है। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष शैलेष कुमार वाईकर ने बताया कि जिले में विभिन्न स्थानों पर निराश्रित पुरुष और महिलाएं, जिनमें बुजुर्ग भी शामिल हैं, सड़कों पर भटकते हुए देखे जाते हैं। कई लोग बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मंदिरों में रात गुजारने को मजबूर हैं, क्योंकि उन्हें आश्रय की जानकारी नहीं होती। आवेदन में अनुरोध किया कि बैतूल जिले के प्रमुख स्थलों पर होर्डिंग्स लगाए जाएं, जिनमें सभी सरकारी और गैर-सरकारी वृद्धाश्रमों के फोन नंबर और पते की जानकारी दी जाए। इन होर्डिंग्स में वाहन चालक के संपर्क नंबर भी शामिल किए जाने का सुझाव दिया गया है, ताकि जरूरतमंदों को आश्रय तक पहुंचाने में सहायता मिल सके। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बैतूल रोहित पाल, पूर्व किसान विंग जिला अध्यक्ष ईश्वर दास सबले, राहुल सोनी, बी.पाटणकर, सुधीर चौकीकर, भागवत लोखंडे उपस्थित रहे। आम आदमी पार्टी पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि छोटे होर्डिंग जनपद और ग्राम पंचायत स्तर तक भी लगाए जाएं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के निराश्रित लोगों को भी समय पर आश्रय उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने विशेष तौर पर ठंड के मौसम का जिक्र करते हुए कहा कि इन इंतजामों से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि कोई भी व्यक्ति ठंडी रातों में बाहर खुले में रात न बिताने को मजबूर हो। वाईकर ने प्रशासन से इस ओर विशेष ध्यान देने की अपील की है, ताकि जिले में जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आश्रय मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button