Unique Event : जानिये.. बरगद के पेड़ की आखिर क्यों मनाई गई 20 वीं वर्षगांठ

Unique Event : बैतूल। क्या कभी कोई किसी पेड़ का जन्मदिन मानकर उसकी वर्षगांठ मनाता है। यह सुनने और पढ़ने में भले ही अजीब लग रहा है लेकिन मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए ऐसा अनूठा आयोजन किया गया है। इस आयोजन की सभी लोग बेहद प्रशंसा कर रहे हैं और स्वयं भी ऐसा प्रयास करने का संकल्प भी ले रहे हैं। बैतूल जिले में पर्यावरण संरक्षण के लिए गायत्री परिवार द्वारा नगर सहित पूरे क्षेत्र में पौधारोपण किए गए हैं तथा परिवार के सदस्यों द्वारा पौधों को पाल कर बड़ा भी किया जा रहा है।
लगभग 20 वर्ष पूर्व मुलताई में गायत्री परिवार के सदस्य के आर पी सोनी ,माधोभाई पटेल , घनश्याम साहू, पुरुषोत्तम साहू योगेश साहू, मानिकराव देशमुख दिनेश साहू तथा रामदास देशमुख ने केन्द्रीय विद्यालय के पास बरगद का पौधा लगाया था जो समय के साथ साथ बड़ा होकर अब लोगों को छांव दे रहा है। पौधे के पेड़ बनने पर 20 वीं वर्षगांठ गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा पूजन कर दीप जलाया तथा पेड़ की जड़ों में साज सज्जा कर मनाया गया। इस अवसर पर गायत्री परिवार के सदस्यों ने लोगों से अपील की है कि सिर्फ पौधारोपण ही नहीं पौधों को पेड़ बनते तक पालने की जिम्मेदारी भी लें ताकि इसका लाभ सभी को मिल सके।
रामदास देशमुख ने बताया कि बरगद के पेड़ के नीचे केन्द्रीय विद्यालय में बच्चों को लेने आए अभिभावक छांव में इंतजार करते हैं जिससे उक्त स्थल पर पेड़ लगाना सार्थक हुआ है। गायत्री परिवार के रामदास देशमुख यादोराव निम्बालकर ,अमृत लाल बारंगे ,मानिक राव देशमुख, घनश्याम साहू, रामकिशोर शिवहरे निर्मला चौधरी ,मीरा देशमुख, रेखा पंवार आदि ने बताया कि गायत्री परिवार द्वार पूरे नगर सहित क्षेत्र में जगह जगह पौधे रोपे गए हैं जिन्हे पालने की भी जिम्मेदारी ली गई तथा उचित देखभाल तथा रख रखाव से अधिकांश पौधे पेड़ बन चुके हैं। इस अवसर पर केन्द्रीय विद्यालय के प्राचार्य कलिका प्रसाद भी उपस्थित हुए तथा उन्होने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण करने का संकल्प दिलाया।




