Suspicion Of Murder : घर में अकेली रहने वाली महिला का संदिग्ध हालत में मिला शव, हत्या की आशंका

Suspicion Of Murder : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूलबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सोहागपुर में घर में अकेली रहने वाली महिला का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला।महिला शुक्रवार से ग्रामीणों को नजर नहीं आई थी। रविवार को घर से बदबू आने एवं मृतिका के द्वारा फोन न उठाने पर बेटे ने परिचित को घर भेजा तो शव पड़ा हुआ था। घर में आलमारी खुली हुई थी एवं सामान अस्त-व्यस्त था। मौके पर एएसपी कमला जोशी, बैतूलबाजार थाना प्रभारी अंजना धुर्वे, एफएसएल टीम ने पहुंचकर जांच की।

थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि सोहागपुर गांव में किरण पति ओमकार  मालवीय का करीब दो दिन पुराना शव घर में पड़ा मिला है। मृतिका महिला के पति का आठ वर्ष पूर्व निधन हो जाने पर वह मायके के गांव सोहागपुर में ही मकान बनाकर रह रही थी। उसके तीन बच्चे हैं जो बाहर हैं। शुक्रवार को ग्रामीणों ने महिला को देखा था उसके बाद से वह नजर नहीं आई थी। घर का दरवाजा खुला हुआ था जिससे यह अंदेशा है कि घटना तो हुई है। हालांकि मृतिका का पर्स, जेवर एवं अन्य सामान जस की तस मिला है।

संभावना है कि हत्या के बाद मौके पर चोरी की घटना होना दिखाने के लिए सामान अस्त -व्यस्त किया गया है।मौके पर संघर्ष करने के भी कोई निशान नहीं मिले हैं।शव पर भी किसी प्रकार की चोट स्पष्ट नजर नहीं आ रही है। पुलिस की टीम घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। मृत्यु का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस की टीम मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button