Raised awareness for voting rights: नाटिका और मेहंदी प्रतियोगिता से मताधिकार के लिए किया जागरूक
यूथ आइकॉन ने शिक्षकों और पालकों को दिलाई मतदाता जागरूकता की शपथ

बैतूल। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत एकीकृत माध्यमिक शाला बडोरा में लघु नाटिका एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने मताधिकार के महत्व की जागरूकता फैलाई। विद्यार्थी मानसी, याचना, गुलाब, अक्षय, रवीना व संजना ने नाटिका में मतदाता जागरूकता को प्रस्तुत किया, यह पहल न केवल लोकतंत्र के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण है, बल्कि यह एक ऐतिहासिक परिवर्तन का संकेत भी है। बच्चों की नाटिका ने लोगों को स्वयं के विचारों का महत्व समझाया, जो एक सशक्त लोकतंत्र के आधार को मजबूत करता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार स्वीप जिला नोडल अधिकारी अक्षत जैन के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.अनिल कुशवाह के आदेश अनुसार जिला स्वीप यूथ आइकॉन अभिलाषा बाथरी ने इस अवसर पर स्कूल के शिक्षकों एवं पालकों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। प्रधान पाठिका सुषमा दुबे ने बताया कि यह अभियान अब बच्चों द्वारा संचालित हो रहा है, जो लोगों को वोटिंग के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मतदाता जागरूकता अभियान पूरी तरह से हमारे बच्चों द्वारा संचालित है वे वोट देने के पात्र नहीं है, लेकिन उनका अपने आसपास बहुत प्रभाव होता है, उन्होंने बताया कि बच्चे आजकल बहुत जागरूक हैं और वह एक सार्थक समाज की आशा करते हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ललिता डोंगरे और उषा मासोदकर व समस्त शाला परिवार ने लोकतंत्र के बारे में बच्चों को बताया, नारे लगाते हुए रैली निकाली गई।




