Showed strength in divisional festival: संभागीय युवा उत्सव में बैतूल का नृत्य और गायकी बना आकर्षण का केंद्र, विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा ने सराहा
बैतूल के कलाकारों ने संभागीय उत्सव में दिखाया दम, राज्य स्तर के लिए होंगे रवाना

बैतूल। नर्मदापुरम में आयोजित संभागीय युवा उत्सव में जिला बैतूल का प्रतिनिधित्व करते हुए गायकी और नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इस अवसर पर नर्मदापुरम विधायक माननीय डॉ. सीताशरण शर्मा ने मंच से बैतूल के नृत्य को खूब सराहा और एकलव्य लोक कला समिति के निर्देशक महेश इंगले और उनकी टीम को नर्मदापुरम में होने वाले विशाल महोत्सव के लिए आमंत्रित किया।
कार्यक्रम के निर्णायक और दर्शक सभी प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध हो गए। एकलव्य लोक कला समिति के डायरेक्टर महेश इंगले और सुनील ढोलेकर के नेतृत्व में दल ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। दल के प्रमुख सदस्यों में पिंटू कुमरे, राजेश कवदेती, रमन कुमरे, समीर पांसे, पंकज कुमरे, दुर्गेश कुमरे, रविंद्र उइके, रामकिशोर इवने, मनीष उइके, दुर्गेश कुमरे और मुख्य संगीतकार सागर ढोलेकर शामिल हैं।
इस बड़ी उपलब्धि पर कोठी बाजार मंडल अध्यक्ष विक्रम वैध, गांधी वार्ड पार्षद वरुण धोटे, कलाकार जीतेश बसंत कवदे, दुर्गेश पप्पू उइके, प्रो. खातरकर, पूर्व जिला संयोजक राजेश शेषकर और अन्य मित्र बंधुओं ने बधाई प्रेषित की है। महेश इंगले ने बताया कि अब दल 5 जनवरी को भोपाल के लिए रवाना होगा, जहां यह 10 संभागों की टीमों के साथ प्रतिस्पर्धा करेगा। यदि राज्य स्तर पर सफलता मिलती है, तो यह दल राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा। महेश इंगले और उनकी टीम जिले में लोक कला को जीवंत बनाए रखने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में बैतूल के कलाकारों ने विभिन्न मंचों पर जिले की लोक संस्कृति को बखूबी प्रस्तुत किया है। इंगले के निर्देशन में जिले की कला और संस्कृति को नई पहचान मिल रही है।




