Hockey Competition: शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी हैं खेल: अनुराग यादव
एबीवीपी ने आयोजित की एक दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता, खेलो भारत के तहत किया आयोजन
बैतूल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बैतूल द्वारा खेलो भारत के तहत एक दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नगर मंत्री अनुराग यादव ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करना और नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ खेल एवं युवा कल्याण विभाग की अधिकारी पूजा कुरील, नगर अध्यक्ष डॉ. मेघा मालवीय और नगर मंत्री अनुराग यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि उज्जवल प्रताप सिंह ठाकुर ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक मजबूती भी मिलती है। उन्होंने कहा कि खेल हमें जीवन की चुनौतियों का सामना करने की ताकत देते हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग अधिकारी पूजा कुरील ने कहा कि खेलों में भाग लेना हमारे समग्र विकास के लिए आवश्यक है। इस आयोजन के जरिए कई युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है।
– वरिष्ठ खिलाड़ियों ने की आयोजन की सराहना
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ खिलाड़ी रमेश भाटिया और लल्ली वर्मा ने अभाविप बैतूल के इस प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा खिलाड़ियों को मंच मिलता है, जिससे वे अपने जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। कार्यक्रम में अभाविप के विभाग संयोजक देवेंद्र धुर्वे, प्रांत जनजातीय छात्रकार्य प्रमुख मानिक कुमरे, नगर अध्यक्ष डॉ. मेघा मालवीय, उपाध्यक्ष अशोक रघुवंशी, देवेंद्र पांसे, सोनू बोरबन, वरिष्ठ खिलाड़ी अक्षय वर्मा, जीएस तोमर, नगर खेलो भारत प्रमुख शेख साहिल, मयंक गोरले, रोहित उईके, शिवम हरसुले, अजय हरसुले सहित कई खिलाड़ी और नगर कार्यकर्ता उपस्थित रहे।