गृह भाड़ा बजट नहीं होने से प्राथमिक व सहायक शिक्षकों का वेतन रुका

पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन संगठन ने जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन


बैतूल। पुरानी पेंशन बदली राष्ट्रीय आंदोलन संगठन द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्राथमिक शिक्षक एवं सहायक शिक्षक का माह जनवरी 2026 का वेतन नहीं होने और वर्ष 2013 से कार्यरत प्राथमिक शिक्षकों को प्रथम क्रमोन्नति का लाभ दिलाने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि शिक्षा विभाग में गृह भाड़ा मद की राशि का बजट उपलब्ध नहीं होने के कारण प्राथमिक शिक्षा एवं सहायक शिक्षकों का जनवरी 2026 का वेतन आहरित नहीं हो सका है, जिससे शिक्षकों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्ष 2013 से संविदा शिक्षकों को प्राप्त क्रमोन्नति का लाभ अब तक नहीं दिया गया है, जिसे तत्काल प्रभाव से प्रदान किया जाना चाहिए। संगठन ने जिला शिक्षा अधिकारी से निवेदन किया कि जनवरी माह के वेतन के लिए संबंधित बीसीओ से संपर्क कर आवश्यक आवंटन उपलब्ध करवाने हेतु लोक शिक्षण संचालनालय शिक्षा बजट विभाग से समन्वय स्थापित किया जाए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने गृह भाड़ा मद में आवंटन नहीं होने की स्थिति स्वीकार करते हुए लोक शिक्षण संचालनालय शिक्षा बजट विभाग में चर्चा किए जाने और शीघ्र आवंटन रिलीज कराकर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी दी।
ज्ञापन सौंपने में रवि सरनेकर जिला अध्यक्ष पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन बैतूल तथा आदर्श शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप चौधरी की प्रमुख भूमिका रही। संगठन ने वेतन भुगतान की दिशा में पहल के लिए जिला शिक्षा अधिकारी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button