Online Fraud Betul: बंटी–बबली की जोड़ी कर रही धमाल, कोतवाली पुलिस को छींका टूटने का इंतजार
– तीन दुकानों में खरीदी करने के बाद आन लाइन भुगतान के बहाने की ठगी, मैसेज आया पर खाते में राशि नही पहुंचती

Betul Crime News – बैतूल। कई दिनों से लोग चर्चा कर रहे हैं कि कोतवाली की कमान कमजोर हाथों में तो नही थमा दी गई है। लगातार हो रही अपराधिक घटनाओं को रोक पाने में अक्षम पुलिस के सामने बंटी –बबली जैसी जोड़ी ने एक चुनौती खड़ी कर दी है। पिछले कुछ दिन में ही तीन दुकानदारों को चूना लगा चुकी जोड़ी को खोजना ऐसा लग रहा है मानो कोतवाली पुलिस के बूते में ही नही है। सीसीटीवी के सहारे जांच का भरोसा देकर कोतवाली पुलिस मामलों को उजागर करने से भी बच रही है।
बैतूल में शातिर ढंग से ठगी को अंजाम देने वाली बंटी –बबली जैसी युवक और युवती की जोड़ी इतनी सफाई से ठगी कर रही है कि दुकानदार को पता ही नहीं चल पाता है कि वह कब ठगी का शिकार हो गया है। जोड़ी के द्वारा जिस दुकान को टारगेट करना होता है वहां पहुंचकर घर में शादी होने का हवाला दिया जाता है। इसके बाद कम से कम 20 हजार रुपए का सामान खरीदकर ऑनलाइन भुगतान का फर्जी स्क्रीन शॉट दिखाकर फरार हो जाते है।
- recovery from farmers : सहकारी बैंक के अफसरों को सीएम की घोषणा पर भरोसा नही, कर रहे किसानों से वसूली
स्कूटी से आती है जोड़ी
ठगी का शिकार हो चुके दुकानदारों के द्वारा ठगी का शिकार होने के बाद जब सीसीटीवी फुटेज देखे तो पाया गया कि ठगी करने वाली युवती मुंह पर कपड़ा लपेटे और युवक हेलमेट लगाकर स्कूटी पर सवार होकर आते हैं। दुकान पर जाकर सामान की खरीदी करने के बाद ऑनलाइन पेमेंट करने का हवाला देकर क्यूआरकोड को स्कैन कर खरीदे गए सामान के बिल की राशि मोबाइल में दर्ज कर पेमेंट हो जाने का मैसेज मोबाइल में दिखाकर सामान लेकर रफूचक्कर हो जाते हैं।
इनसे हो चुकी है ठगी
- पहला शिकार:
कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर तलैया मोहल्ला में गर्ल्स कलेक्शन एंड जनरल स्टोर पर 24 मार्च को इसी तरह से युवक-युवती स्कूटी पर पहुंचे और 20470 रुपए के सामान की खरीदारी की। भुगतान ऑनलाइन के माध्यम से किया गया और पहले की तरह ही भाग निकलने । दुकानदार ने जब खाता चेक किया तो ठगी का पता चला।
दूसरा शिकार:
लिंक रोड पर सुरभि कलेक्शन सेंटर पर 15 दिन पहले युवक-युवती स्कूटी पर सवार होकर आए थे। कपड़ों की खरीदारी करने के बाद 20 हजार रुपए का ऑनलाइन पेंमेट किया और दुकानदार को स्क्रीन शॉट दिखाया गया। जब दुकानदार ने चेक किया तो पता चला कि भुगतान हुआ ही नहीं।
तीसरा शिकार:
टिकारी क्षेत्र में दिशा साड़ी सेंटर पर 3 अप्रैल को युवक-युवती स्कूटी से आते हैं। शादी के लिए साड़ी खरीदने का हवाला देकर 20 हजार रुपए कीमत की 20 साड़ियां पसंद करते हैं। जब भुगतान का नंबर आता है तब क्यूआरकोड स्कैन कर मोबाइल से भुगतान हो जाने का मैसेज दुकान संचालक को दिखाकर फरार हो जाते हैं।
पुलिस नही लगा पाई पता:
कोतवाली की कमान संभाल रहे कोतवाल साहब की कार्यप्रणाली कैसी है इसके कई नमूने सामने आ चुके हैं। बंटी बबली जैसी वारदातें होने के बाद शिकायत, सीसीटीवी फुटेज देने पर भी कुछ नहीं किया जा रहा है। आलम यह है कि पुलिस को किसी इत्तेफाक का इंतजार है।




