राजनीति : वर्षा गढ़ेकर को बनाया मुलताई नगर पालिका का अध्यक्ष, अदालत ने शून्य घोषित किया था चुनाव

Today Betul News: बैतूल। बैतूल जिले की मुलताई नगर पालिका में अध्यक्ष पद की कमान शासन ने पार्षद वर्षा गढ़ेकर को सौंप दी है। मंगलवार को इस संबंध में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उप सचिव ने आदेश जारी कर दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि मुलताई नगर पालिका में विगत 8 अगस्त 2022 को नगर पालिका सभागृह में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न कराया गया था जिसमें भाजपा के 9 पार्षद थे वहीं कांग्रेस के 6 पार्षद मौजूद थे। चुनाव में गुरूसाहब वार्ड भाजपा पार्षद नीतू परमार ने पार्टी से बगावत करते हुए अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया गया वहीं भाजपा की ओर से वर्षा गढ़ेकर द्वारा अध्यक्ष पद हेतु नामांकन दाखिल किया गया।
चुनाव में नीतू परमार ने 9 मत हासिल किए वहीं वर्षा गढ़ेकर ने मात्र 6 मत हासिल किए।  इस प्रकार अध्यक्ष पद पर नीतू परमार काबिज हुई थी। पूरे मामले में मतदान की प्रक्रिया के दौरान हुई गड़बडिय़ों के खिलाफ पार्षद वर्षा गढ़ेकर ने मतदान प्रकिया के दौरान लिखित आपत्ति दर्ज कराई थी किन्तु निर्वाचन अधिकारी द्वारा आपत्तियों की सुनवाई नही करते नीतू परमार को अध्यक्ष घोषित कर दिया था।
इसी तारतम्य में वर्षा गढ़ेकर द्वारा चुनाव के बाद न्यायालय में याचिका प्रस्तुत की गई थी जिसका फैसला मात्र 8 माह में मंगलवार शाम सुनाया गया। फैसले में मतदान प्रक्रिया में गड़बड़ी को सहीं पाते हुए न्यायालय ने नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव को अवैध एवं शून्य घोषित करते हुए 9 मतपत्रों को अवैध पाया साथ ही कलेक्टर को एक माह के भीतर पुन: अध्यक्ष चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए थे।
इस फैसले के आने के बाद कलेक्टर बैतूल के प्रस्ताव के आधार पर नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उप सचिव ने जारी किए आदेश में कहा है कि न्यायालय- प्रथम जिला न्यायाधीश मुलताई, जिला बैतूल में सिविल एमजेसी नम्बर 19/2022 में आदेश दिनांक 13.06.2023 द्वारा नगर पलिका परिषद मुलताई के अध्यक्ष के निर्वाचन को अवैध एवं शून्य घोषित किये जाने के कारण नगर पालिका परिषद मुलताई, जिला बैतूल मै अध्यक्ष का पद रिक्त हो गया है।
अतः राज्य शासन द्वारा मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 37 (2) में निहित शक्तियों के तहत एतद द्वारा श्रीमती वर्षा गढ़ेकर, पार्षद वार्ड क्रमांक-3 को आगामी आदेश तक अथवा अध्यक्ष के निर्वाचित होने तक अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद मुलताई, जिला बैतूल के रूप में कार्य करने हेतु नाम निर्दिष्ट करता है। इस आदेश के बाद भाजपा के खेमे में जबरदस्त खुशी का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button