बेटे की हत्या: पिता ने आखिर क्यों घोंटा बेटे का गला और खेत में दफना दी लाश

Betul Crime News : बैतूल। जिस बेटे काे पाल पोसकर बड़ा किया था उसे आखिर कौन सी वजह थी कि पिता ने मौत की सजा दे दी। बेटे का गला घोंटा और उसकी मौत हो जाने पर लाश को बैलगाड़ी में रखकर खेत पहुंच गया। खेत में गड्ढा खाेदकर उसकी लाश को दफन कर घर वापस लौट आया। मामला खुला तो पुलिस ने बेटे की हत्या करने वाले पिता को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर खेत में दफन किए गए शव को खोदकर बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम कराया है।

यह घटना मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आने वाले झल्लार थाना क्षेत्र के ग्राम बासनेर खुर्द की है। गांव के गुलाबराव ठाकरे ने अपने 28 साल के बेटे राजेश उर्फ गोलू ठाकरे के द्वारा शराब पीकर गाली गलौज करने से तंग आकर जमकर पिटाई कर दी और गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बासनेर खुर्द निवासी अरूण ठाकरे ने सूचना दी थी कि उसका भाई राजेश उर्फ गोलू ठाकरे और पिता गुलाबराव ठाकरे का विवाद हुआ और उसके बाद दोनों लापता हैं। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन की तो उसी दौरान गुलाबराव घर लौट आया। उससे बेटे के संबंध में पूछताछ की तो तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। गुलाबराव ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा राजेश रोज शराब पीकर घर आता था और गाली गलौज कर मारपीट करने पर उतारू हो जाता था। उसकी हरकतों से वह लंबे समय से बेहद परेशान हो गया था।

शनिवार को भी वह नशे में घर आया और विवाद करने लगा। उसने गुस्से में राजेश की पिटाई कर दी जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद लोवर से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।रात में शव को बैलगाड़ी से खेत ले जाकर जमीन में दफना दिया। पुलिस ने गुलाबराव की निशानदेही पर मंगलवार को जमीन से खोदकर शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button