fraud from farmer: पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष ने केबल लगाने के नाम पर किसान से ठगे 12 हजार

केबल नहीं लगने के कारण सूख गई खड़ी फसल,किसान ने विद्युत मंडल शाहपुर के जेई को ज्ञापन सौंपकर शिकायत दर्ज की


बैतूल। पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मेलाराम यादव पर किसान इंदल यादव ने केबल लगाने के नाम पर 12 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। किसान का आरोप है कि केबल नहीं लगने के कारण उसकी खड़ी फसल सूख गई है।
किसान इंदल यादव ने विद्युत मंडल शाहपुर के जेई को एक ज्ञापन सौंपकर शिकायत दर्ज की। उन्होंने बताया कि वह ग्राम बरजोरपुर पंचायत टांगनामाल तहसील शाहपुर बैतूल जिला बैतूल, मप्र के निवासी हैं और उनके पास स्थाई विद्युत कनेक्शन मौजूद है। लगभग चार वर्ष पूर्व, मेलाराम यादव जो बिजली विभाग का काम देखता है और जिसे ग्राम के सभी लोग बिजली विभाग का कर्मचारी मानते हैं, मेलाराम ने खेत में केबल खींचने के लिए इंदल से 12 हजार रुपये नगद लिए थे।
ज्ञापन में किसान ने उल्लेख किया है कि मेलाराम यादव ने आज तक उसके खेत में केबल नहीं खींचा है। मेलाराम बार-बार कहता रहा कि वह जल्द ही केबल लगवा देगा, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ है। जब इंदल यादव ने बिजली कंपनी से जानकारी ली तो पता चला कि मेलाराम बिजली कंपनी में किसी भी पद पर नहीं है और अवैध वसूली कर रहा है, जिससे सभी ग्रामीण परेशान हैं। इंदल यादव ने विद्युत मंडल से अनुरोध किया है कि उसके खेत में जल्द से जल्द बिजली केबल खींचवाई जाए ताकि उसकी फसल सूखने से बच सके और मेलाराम द्वारा जबरन लिए गए 12 हजार रुपये उसे वापस दिलाए जाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button