कांग्रेसियों में आक्रोश: कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज किया मामला, एबीवीपी को दी छूट पर बवाल
विधायक निलय डागा और कांग्रेस के जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
BETUL NEWS: बैतूल। बोरी सारणी मार्ग के सुधार कार्य को लेकर विगत दिनों युवक कांग्रेस आमला द्वारा प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन में शामिल कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के खिलाफ आमला पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर लिए गए थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर आक्रोश व्यक्त किया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि आंदोलन करना संवैधानिक अधिकार है पुलिस द्वारा अधिकारों का हनन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर प्रकरण दर्ज कर लिए गए। इस मामले में जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी को ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्रकरण वापस लिए जाने की मांग की है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण हेमन्त वागद्रे एवं विधायक निलय डागा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने जिला पुलिस आधिक्षक से मुलाकात कर उन्हें बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधिवत सूचना प्रशासन को तीन दिन पूर्व दे दी थी। धरना स्थल पर नायब तहसीलदार व्दारा ग्यापन लेने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया था। गंभीर एवं जनहित के मुद्दे पर प्रशासन को पूर्व सूचना देकर धरना देने पर भी पुलिस प्रशासन व्दारा धरनारत कांग्रेस जनों पर एफआईआर कर दी गई।
पक्षपात का लगाया आरोप
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पूर्व में एबीवीपी द्वारा व्यक्तिगत कारण से राष्ट्रीय राजमार्ग को बिना किसी सूचना के जाम कर दिया गया था, उन पर आज तक कोई प्रकरण दर्ज नही किया गया। यहां पुलिस प्रशासन की पक्षपात पूर्ण कार्यवाही स्पष्ट नजर आ रही है। इस मौके पर जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष हेमन्त वागद्रे, विधायक निलय डागा, जिला सेवादल अध्यक्ष अनुराग मिश्रा, नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दीवान, शहर अध्यक्ष मोनू बड़ोनिया, सुनील जेधे, धीरु शर्मा, नवल सिंह ठाकुर, राजेश गावण्डे, रमेश गायकवाड़, सोमेश त्रिवेदी, सरफराज खान, सरदार यादव, विशाल धुर्वे, आबू खान आदि कांग्रेसजन उपस्थित थे।