श्मशान का रास्ता बंद, सड़क पर हो रहा अंतिम संस्कार, अतिक्रमण हटाने ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
डोंगरपुर में मोक्षधाम मार्ग पर दोनों ओर अतिक्रमण का आरोप, बारिश में शव ले जाना मुश्किल

बैतूल। विकासखंड प्रभात पट्टन की ग्राम पंचायत दतोरा के ग्राम डोंगरपुर में मोक्षधाम तक जाने वाला मार्ग अतिक्रमण की वजह से बंद होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि रास्ता अवरुद्ध होने से उन्हें मजबूरन सड़क पर ही अपने परिजनों का अंतिम संस्कार करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मुलताई एसडीएम (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर मार्ग से तत्काल अतिक्रमण हटाने की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि मोक्षधाम तक पहुंचने वाले रास्ते पर दोनों ओर रसूखदार किसानों ने अतिक्रमण कर लिया है। इससे विशेषकर बारिश के दिनों में शव को श्मशान तक ले जाना संभव नहीं हो पाता। ग्रामीणों का आरोप है कि रास्ते से निकलने का प्रयास करने पर खेत मालिक, जिनमें अधिकांश मासोद के किसान बताए गए हैं, गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाड़े ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर मोक्षधाम मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह आमजन की मूलभूत आवश्यकता और सम्मान से जुड़ा विषय है। ज्ञापन के दौरान रमेश गव्हाड़े, साहेबराव साकरे, रामप्रसाद, विनोद साहू, रमेश बचले, राजेश पडोले, भोजराव देशमुख, संजू कुमरे, अजय धुर्वे, अंशु गलफट, अरुण, ओमप्रकाश, प्रमिला बचले, मनोज साहू, रवि कोटवार, नामदेव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।




