Opposition to Dhirendra Shastri : कलार समाज ने किया धीरेंद्र शास्त्री के 17 पुतलों का दहन
17 जोन से पुतले बनाकर लाए थे सामाजिक बंधु, रैली निकालकर कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन

Today Betul News : बैतूल। श्री हैहृय क्षत्रिय कलचुरी समाज द्वारा शुक्रवार को शिवाजी चौक बैतूल में समाज के आराध्य राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहू पर घोर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री के 17 पुतलों का सामूहिक दहन किया। सभी 17 पुतले कलार समाज से 17 जोन के कलार समाज के नागरिकों ने बनाकर लाए थे। इसके साथ ही जिले भर से आए सामाजिक बंधुओं ने शिवाजी आडिटोरियम से एसपी कार्यालय और कलेक्टर कार्यालय तक धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विशाल रैली निकाली। एसपी आफिस में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी और कलेक्टर कार्यालय में एडीएम श्यामेंद्र जायसवाल को ज्ञापन सौंपकर श्री शास्त्री पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की है। प्रशासन द्वारा 7 दिन में एफआईआर नहीं करने पर जिले भर में उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

छतरपुर जिले के ग्राम गढ़ा (बागेश्वरधाम) के कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा पिछले दिनों हैहृय क्षत्रिय कलचुरी समाज के आराध्य भगवान सहस्त्रबाहू के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने से आक्रोशित कलार समाज द्वारा जिले के सभी ब्लाक और 17 जोन मुख्यालय में पुलिस को ज्ञापन देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। एफआईआर दर्ज नहीं करने पर जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी।
जिले में कहीं भी धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ एफआईआर नहीं होने पर शुक्रवार को कलार समाज के संरक्षक प्रेमशंकर मालवीय, जिला अध्यक्ष मनोज आर्य के नेतृत्व में जिले के भर से आए कलार समाज के सैकड़ों नागरिकों ने शिवाजी आडिटोरियम बैतूल में सुबह 11 बजे से धरना दिया। धरना में घोड़ाडोंगरी के जितेंद्र मालवीय, चिचोली के धर्मेंद्र पटेल, जित्तू पटेल, मुलताई की रेखा शिवहरे, बिंदू मालवीय, बैतूल के नेमीचंद मालवीय सहित अन्य वक्ताओं ने धीरेंद्र शास्त्री की घोर निंदा करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने तक आंदोलन करने की बात कही।

शिवाजी प्रतिमा के समक्ष किया 17 पुतलों का दहन
शिवाजी आडिटोरियम में धरना देने के बाद दोपहर लगभग 1 बजे सभी सामाजिक बंधुओं ने रैली निकाली। जिले के सभी 17 जोन से आए कलार समाज के नागरिकों ने धीरेंद्र शास्त्री के 17 पुतले बनाकर लाए थे। छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा के समक्ष धीरेंद्र शास्त्री के सभी 17 पुतलों का समूहिक दहन किया गया। इस दौरान सामाजिक बंधुओं ने मुर्दाबाद के नारे और समाज के अराध्य भगवान के जयकारे भी लगाए। पुतला दहन के बाद सभी सामाजिक बंधु नारेबाजी करते हुए एसपी आफिस पहुंचे।
एसपी-एडीएम को सौंपा ज्ञापन
कलार समाज के नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी को ज्ञापन सौंपकर शास्त्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। यहां से सभी लोग नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां एडीएम श्यामेंद्र जायसवाल को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्र मंत्री राज्यपाल, मुख्यमंत्री गृहमंत्री मध्यप्रदेश और पुलिस महानिदेशक म.प्र. के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपे।
ज्ञापन में अवगत कराया गया कि कथा वाचक श्री शास्त्री द्वारा जानबूझकर भगवान सहस्त्रबाहू व हैहृय वंश पर कथा वाचन करते हुए आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया, फेसबुक में अपलोड किया गया जिससे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई। धीरेंद्र शास्त्री द्वारा मिथ्या कथन कहकर लोक शांति भंग किए जाने के कारण अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही किए जाने और एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की। समाज ने चेतावनी दी है कि सात दिन में उनके खिलाफ कार्यवाही की गई तो कलार समाज द्वारा जिले में उग्र आंदोलन कर नगर बंद और चक्काजाम किया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
कलार समाज के प्रदर्शन में समाज के संरक्षक प्रेमशंकर मालवीय, जिला अध्यक्ष मनोज आय्र, नागरिक बैंक के पूर्व उपाध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, चिचोली के पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संतोष मालवीय, धर्मेद्र पटेल, नरेंद्र आर्य, केके मालवीय, प्रकाश मालवीय, नवनीत मालवीय, नेमीचंद मालवीय, निर्देश मदरेले, डॉ. सुमित मदरेले, पुलकित मालवीय, रेखा शिवहरे, बिंदू मालवीय, धर्मेंद्र आर्य, शैलेंद्र बिहारिया, दिलीप आर्य, राजकुमार आर्य, दिनेश आर्य, कृष्णकांत आर्य, सुनील राय, राजकुमार बिहारिया, मुकेश मालवीय, सुमित मालवीय, विकास मालवीय, संदीप मालवीय, जय सरोने, महेंद्र बोस, जित्तू मालवीय, गौरीशंकर आर्य, सतीष आर्य, कैलाश आर्य सहित बड़ी संख्या में जिले भर से आए कलार समाज के सैकड़ों सामाजिक बंधु मौजूद थे।





