दलित नेता खड़गे के अपमान के विरोध में कांग्रेस का सत्याग्रह, अंबेडकर चौक पर किया प्रदर्शन

बैतूल। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के संबोधन के बाद मंच का गंगाजल से तथाकथित शुद्धीकरण किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी बैतूल द्वारा शुक्रवार को सत्याग्रह मार्च निकाला गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक से अंबेडकर चौक तक मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया।
अंबेडकर चौक पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष संविधान की प्रति हाथ में लेकर सत्याग्रह किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि खड़गे के संबोधन के बाद मंच का शुद्धीकरण किया जाना दलित समाज का अपमान और संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने समानता और सामाजिक न्याय के पक्ष में आवाज बुलंद की।
सत्याग्रह कार्यक्रम में सेवादल के जिला अध्यक्ष अनुराग मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष गोलू सोनी सहित सेवादल एवं कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संविधान और समानता की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया।




