Chief Minister’s Public Welfare Campaign: अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: गायत्री आजाद
मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान के अंतर्गत वार्ड 14 में लगाया शिविर

बैतूल। प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार 11 दिसंबर से 26 जनवरी, 2025 तक मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवा, नारी, किसान और गरीब वर्ग के कल्याण एवं विकास के लिए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी अभियान के तहत आठनेर के चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक 14 में शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद और राजस्व सामान्य सभा की सभापति गायत्री कैलाश आजाद ने बताया कि यह शिविर केंद्र और राज्य सरकार की 34 हितग्राही मूलक योजनाओं, 11 लक्ष्य आधारित योजनाओं और 63 अन्य सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने का माध्यम है। शिविर का मुख्य उद्देश्य योजनाओं को धरातल पर क्रियान्वित करना और जरूरतमंदों को सीधे लाभ पहुंचाना है। इस अवसर पर नवांकुर संस्था और नगर विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष व समाजसेवी कैलाश आजाद ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर सरकार की योजनाओं को सरल और सुलभ तरीके से आम जनता तक पहुंचाने की एक उत्कृष्ट पहल है। शिविर में नगर परिषद से फैज अख्तर, रवि राठौर, राजू साहू, उमेश नायक, शेखर राठौर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनीता कनाते, आशा कार्यकर्ता लता वाडेकर सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासी भी शामिल हुए। सभी ने मुख्यमंत्री जन कल्याण अभियान के उद्देश्यों और लाभों की सराहना की। शिविर में योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। वार्डवासियों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे उनकी समस्याओं का समाधान आसानी से हो सकेगा।




