कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं|

बैतूल 17 फरवरी 2026...

बैतूल। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में मुलताई तहसील के ग्राम धाबला निवासी शांताबाई ने आवेदन के माध्यम से कॉलोनाइजर के विरुद्ध धोखाधड़ी और कॉलोनी में मूलभूत सुविधाएं नहीं दिए जाने की शिकायत की। आवेदिका की समस्या को गंभीरता पूर्वक सुन कलेक्टर ने संबंधित एसडीओ को प्रकरण की जांच कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

भूमि से अवैध कब्जा हटाने के लिए निर्देश

जनसुनवाई में आमला तहसील के ग्राम डंगरिया निवासी युगलेश मालविश की अवैध कब्जे सम्बन्धी शिकायत पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने तहसीलदार आमला को कब्जा हटाने के निर्देश दिए। आमला तहसील के ग्राम अंबाड़ा निवासी देवीराम गिरधारी ने राजस्व रिकॉर्ड सुधार किए जाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित आमला एसडीओ को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्राम बोथिया निवासी मैनी बाई ने आवेदन के माध्यम से भूमि पर जबरदस्ती कब्जा किए जाने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को प्रकरण की जांच कर निराकरण के निर्देश दिए। मुलताई तहसील के ग्राम पौनीगोला निवासी ग्रामीणों ने ग्राम में हनुमान मंदिर के सामने हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाए जाने की मांग

मुलताई तहसील के ग्राम सोनोरा निवासी सुनीता बचले ने जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास के लिए आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। मुलताई तहसील के ग्राम चिखली खुर्द निवासी कमलेश उबनारे ने तहसीलदार द्वारा स्थगन आदेश के बाद भी शासकीय भूमि पर हो रहे निर्माण कार्य होने की शिकायत आवेदन के माध्यम से की। जिस पर कलेक्टर ने मुलताई तहसीलदार को प्रकरण की जांच कर निराकरण के निर्देश दिए। भीमपुर तहसील की ग्राम पंचायत डोक्या के ग्राम कास्या में ग्रामीणों ने गांव में कुआं तथा नल-जल के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की, जिस पर कलेक्टर ने पीएचई के ईई को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button