MP News : अपर मुख्य सचिव का फरमान,पांच वर्ष से जमे छात्रावास अधीक्षकों को तत्काल हटाएं

बैतूल में आयोजित संभागीय विकास कार्याें की समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव तथा नर्मदापुरम संभाग के प्रभारी सचिव अजीत केसरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए

MP News : बैतूल। बैतूल के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शुक्रवार को संभागीय विकासकार्यों की समीक्षा बैठक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव तथा नर्मदापुरम संभाग के प्रभारी सचिव अजीत केसरी ने ली। बैठक में विधायकों के द्वारा आदिवासी विकास विभाग के छात्रावासों में लंबे समय से पदस्थ अधीक्षकों द्वारा मनमानी किए जाने की शिकायत की। जिस पर एसीएस केसरी ने निर्देश दिए कि सभी कलेक्टर्स अपने स्तर पर इस बात की जांच करवा लें कि कोई शिक्षक लगातार यदि पांच वर्ष से छात्रावास अधीक्षक है, तो उसे छात्रावास अधीक्षक के पद से मुक्त कर अन्य किसी शिक्षक को अधीक्षक के रूप में पदस्थ करें। सडक़ निर्माण से संबंधित विभागों के अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु अब समाप्त होने को है, इस कारण वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत का कार्य विशेष अभियान प्रारंभ कर आगामी एक माह में पूर्ण करें।

अपर मुख्य सचिव केसरी ने बैठक में निर्देश दिए कि पिछले दिनों संसद द्वारा पारित नए कानूनों की जानकारी देने के लिए विधायकों सांसदों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए कार्यशालाएं संभाग के तीनों जिलों में आयोजित करने के निर्देश कलेक्टर्स को दिए। विद्यार्थियों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने तथा यातायात नियमों के संबंध में आम नागरिकों को जानकारी देने के उद्देश्य से संभाग के तीनों जिलों में विशेष शिविर आयोजित करें। जर्जर हो चुके शासकीय कार्यालय भवनों को गिराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए भवन गिराने की कार्यवाही करने तथा उसके स्थान पर नए भवन निर्माण की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

अपर मुख्य सचिव केसरी ने शासकीय अस्पतालों की सुरक्षा समितियां की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने के और शासन द्वारा संधारित मंदिरों की व्यवस्थाएं सुधारने के लिए भी संबंधित अधिकारियों से कहा।70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को हाल ही में आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने का सरकार ने जो निर्णय लिया है, उसके व्यापक प्रचार प्रसार की व्यवस्था करने के निर्देश भी उन्होंने दिए।

बैठक में विधायकों ने बताया कि नर्मदा किनारे के ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास के लिए रेत मिलना मुश्किल हो रहा है, इस पर एसीएस केसरी ने कहा कि जिन हितग्राहियों का पीएम आवास बनना है उनके लिए यदि सरपंच लिखकर दे कि इन्हें रेत की आवश्यकता है, तो अस्थाई परमिट जारी कर उन्हें रेत आसानी से उपलब्ध कराई जा सकती है। केसरी ने सभी नगरीय निकायों में जगह-जगह हो रहे अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवर लोडेड ट्रांसफार्मर को हटाकर उसके स्थान पर अधिक क्षमता वाला ट्रांसफार्मर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संयुक्त संचालक कृषि को निर्देश दिए कि किसानो की पाठशाला कार्यक्रम में विधायकगणों को प्राथमिकता से बुलाकर उन्हें भी किसानो की पाठशाला का विजन समझाएं। एसीएस श्री केसरी ने बैठक में संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि ड्राप आउट बच्चों को चिन्हित कर उन्हें निकटतम स्कूल में प्रवेश दिलाएं।

बैठक में संभाग आयुक्त केजी तिवारी ने बताया कि वर्षाकाल में सडक़ों पर पशुओं के बैठने के कारण यातायात बाधित होने की समस्या के निराकरण के लिए संभाग के तीनों जिलों में पशु चिकित्सा विभाग, नगरीय प्रशासन और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त कार्यवाही कर सराहनीय कार्य किया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत ई केवाईसी करने का कार्य बैतूल जिले में 97 प्रतिशत, नर्मदापुरम जिले में 96 प्रतिशत तथा हरदा जिले में 92 प्रतिशत किया जा चुका है। संभाग के तीनों जिलों में सभी शासकीय कार्यालय, अस्पताल, आंगनबाड़ी और स्कूल समय पर खुल रहे हैं। इसके लिए सार्थक एप एवं बायोमेट्रिक मशीन से अटेंडेंस लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। संभाग के तीनों जिलों में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत लगाए गए सभी पौधों के फोटो वायुदूत ऐप पर अपलोड भी किए गए हैं । इस कार्य में हरदा जिला प्रदेश में प्रथम, बैतूल जिला प्रदेश में द्वितीय तथा नर्मदापुरम जिला प्रदेश में तृतीय स्थान पर रहा है।

बैठक में सांसद नर्मदापुरम दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, सिवनी मालवा विधायक प्रेम शंकर वर्मा, नर्मदापुरम विधायक डा. सीता शरण शर्मा, पिपरिया विधायक ठाकुरदास नागवंशी, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक डा.योगेश पंडाग्रे, घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा उईके, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान , मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, संभागायुक्त नर्मदापुरम संभाग केजी तिवारी, मुख्य वन संरक्षक अनिल कुमार, बैतूल कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, हरदा कलेक्टर आदित्य सिंह तथा नर्मदापुरम कलेक्टर सोनिया मीना, सहित नर्मदापुरम संभाग के प्रमुख अधिकारीगण भी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button