Mp CM News: जानें- एमपी के सीएम ने क्यों दी मंच से अधिकारियों को चेतावनी

Mp CM News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव इन दिनों प्रशासनिक कसावट लाने के साथ ही आम जनता की सुविधाओं के कार्यों को प्राथमिकता से कराने के लिए बेहद कठोर निर्णय भी लेने में पीछे नहीं हट रहे हैं। संभागवार अधिकारी तैनात करने के साथ ही वे स्वयं समीक्षा बैठकें भी कर रहे हैं।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने रीवा में एक बार फिर से मंच से ही अधिकारियों को चेतावनी दे डाली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता के मान सम्मान के मामले में अगर प्रशासन का अधिकारी बदतमीजी करेगा, हमारी सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी किसी भी कीमत पर। चाहे वह कितना भी बड़ा अधिकारी क्यों न हो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सरकार का मतलब जनता की गरीबों की सरकार है। जनता के बीच से चुनकर आते हैं तो जनता का सम्मान करना हमारा ही नहीं अधिकारियों का भी दायित्व है। इस मामले में कोई कांप्रोमाइज नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इन तेवरों से प्रशासनिक हल्कों में बेहद चर्चा हो रही है।
देखें वीडियो…
मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने रीवा में आयोजित कार्यक्रम में कहा है कि शासन ने जो भी निर्णय लिए हैं उनको पूरा करने के लिए संभागीय बैठकाें में निर्णय लिए जा रहे हैं। विकास के सारे काम संभाग स्तर पर ही बैठक में मंजूर किए जा रहे हैं। हमारा संकल्प है कि युवा को रोजगार मिले, इसके लिए जो आवश्यक प्रयास होंगे वो सब करेंगे।जो माईनिंग से जुड़े जिले हैं उनके माध्यम से विकास होगा। ऐसे जिले जहां इसकी गुंजाइश है वैसे जिले काे अलग से सब्सिडी देकर विकास करेंगे।अब रोजगार परक विकास की जरूरत है। आने वाले समय में उद्योग, धंधे, कृषि को प्राथमिकता से लेंगे।




