जल जीवन मिशन की टंकी में पानी भरते ही पेंदी से होने लगा रिसाव

सिपेज की शिकायत लेकर कलेक्टर के पास पहुंचीं जिला पंचायत सदस्य 

बैतूल। जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत चिखलीमाल में बनाई गई पानी की टंकी में पहली बार पानी भरते ही सिपेज शुरू होने का मामला सामने आया है। टंकी की पेंदी से बूंद-बूंद पानी गिरने और नीचे की तली गीली होने की शिकायत ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाडे से की। ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचकर टंकी का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने टंकी के निर्माण की जांच कराने और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रभात पट्टन विकासखंड की ग्राम पंचायत चिखलीमाल में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है। विगत दिनों ठेकेदार द्वारा टंकी में पानी भरा गया। पानी भरने के कुछ ही समय बाद टंकी की पेंदी से बूंद-बूंद पानी रिसने लगा। इससे टंकी के नीचे की तली भी गीली हो गई। पहली ही बार पानी भरने पर सिपेज सामने आने से ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर चिंता जताई।

शिकायत मिलने पर जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाडे ग्राम पंचायत की सरपंच रश्मि बेले और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने टंकी का निरीक्षण किया और संबंधित विभाग के इंजीनियर से मोबाइल पर सिपेज के संबंध में चर्चा की। इंजीनियर की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

उर्मिला गव्हाडे ने कलेक्टर से टंकी के निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाई गई टंकी में पहली बार पानी भरते ही सिपेज होना निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच कराकर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय करने और संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान सरपंच रश्मि बेले, रमेश गव्हाडे, उपसरपंच गेंदराव कुमरे, दीपक बेले, दामा सलामे, मंचित माकोड़े, उधिराम उइके, कमलेश उइके सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button