दिलचस्प मामला: साहब मेरी मुर्गियां चोरी कर पकाकर खा गया पड़ोसी, सबूत के तौर पर दिखाए पंख

Betul News : बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक दिलचस्प मामला सामने आया है। पुलिस के पास पहुंचे दंपती ने बताया कि साहब मेरी मुर्गियां चोरी कर पकाकर खा गया है पड़ोसी। उन्होंने सबूत के तौर पर पुलिस को मुर्गियों के पंख दिखाए और चोरी करने वाले पर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस भी अनूठे सबूत देखकर हैरान रह गई। दरअसल अपनी दो मुर्गियों की चोरी कर पड़ोसी के द्वारा पकाकर खाने का आरोप लगाते हुए ओझाढाना गांव के दंपती मुर्गियों के पंख लेकर घोड़ाडोंगरी पुलिस चौकी पहुंच गए। सबूत के तौर पर दंपती के द्वारा जब चोरी हुई मुर्गियों के पंख पुलिसकर्मियों को दिखाए तो वे भी हैरान रह गए। इस दिलचस्प मामले में पुलिस ने दंपती की शिकायत पर जांच करने का आश्वासन दिया है।
ग्राम ओझाढाना निवासी शिवप्रसाद वरकड़े ने बताया कि उसके घर में दो मुर्गियाें को पाला था। रविवार शाम को जब मुर्गियां घर में नहीं दिखीं तो आसपास देखने गए। पड़ोस के सुभाष के घर में मांस पकाया जा रहा था और बाहर ही दोनों मुर्गियों के पंख भी बिखरे हुए पड़े थे। उसने अपनी पत्नी मनीता बाई के साथ पंख बटोरे और घोड़ाडोंगरी पुलिस चौकी पहुंच गया। दंपती ने पुलिस को जानकारी दी कि उनके घर के पास रहने वाले सुभाष ने ही मुर्गियों की चोरी कर ली और उन्हें काटकर पकाया।
सोमवार को दंपती फिर से घोड़ाडोंगरी पुलिस चौकी पहुंचे और जिस पर मुर्गियों की चोरी का संदेह जताया है उसके द्वारा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। मनीता बाई ने बताया कि वे पंख देखकर पहचान गईं थीं कि उनकी ही मुर्गियों के हैं। पड़ोसी से पूछा भी लेकिन वह धमकी देने लगा। इस संबंध में घोड़ाडोंगरी पुलिस चौकी के प्रभारी नरेंद्र उइके ने बताया कि ओझाढाना के दंपती दो मुर्गियां चोरी होने की शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचे थे। शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।




