दक्षिण वन मंडल के कोटमी बीट में में सागौन की अंधाधुंध कटाई, झाड़ियों में पड़े मिले लट्ठे

बैतूल। दक्षिण वन मंडल क्षेत्र अंतर्गत कोटमी बीट स्थित डोक्या के जंगल में सागौन के पेड़ों पर माफियाओं ने बड़ी मात्रा में कुल्हाड़ी चला दी। जंगल क्षेत्र में सागौन के कटे हुए पेड़ दिखाई दे रहे हैं, जबकि झाड़ियों के बीच काटकर तैयार किए गए सागौन के लट्ठे पड़े हुए नजर आ रहे हैं। इससे जंगल में बड़े पैमाने पर अवैध कटाई किए जाने की आशंका सामने आई है। खास बात यह है कि कटाई के बाद पेड़ों को लट्ठों में तब्दील कर झाड़ियों में छिपाए जाने से वन सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
कटाई का यह मामला सामने आने के बाद वन क्षेत्र में सक्रिय माफियाओं की गतिविधियों को लेकर वन सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्र में मौजूद कटे हुए पेड़ इस बात की गवाही दे रहे हैं कि पेड़ों की कटाई हाल के समय में ही की गई है। डोक्या जंगल में बड़ी संख्या में सागौन के पेड़ों की कटाई के बाद अब यह सवाल भी उठ रहा है कि वन क्षेत्र में लगातार सक्रिय माफियाओं पर निगरानी किस स्तर पर की जा रही है।




