घाटबिरोली अधिग्रहित जमीन के मुआवजे में गड़बड़ी।
जान से मारने की धमकी के आरोप, महिला ने एसपी से की शिकायत ।

बैतूल। घाटबिरोली जलाशय में अधिग्रहित जमीन के मुआवजे में हुई गड़बड़ी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कलेक्टर जांच में गड़बड़ी सामने आने के बाद जब कुर्की और वसूली की कार्रवाई शुरू हुई तो पीड़ित महिला को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की मांग की है।
ग्राम सांवगा, तहसील मुलताई निवासी गिरिजा परिहार ने बताया कि उनकी जमीन घाटबिरोली जलाशय में अधिग्रहित हुई थी, जिसका मुआवजा उन्हें मिलने के बजाय गांव के छोटेलाल देवराव द्वारा गलत तरीके से निकाल लिया गया। शिकायत के बाद कलेक्टर बैतूल ने जांच कराई, जिसमें मुआवजा वितरण त्रुटिपूर्ण पाया गया।
इसके बाद कलेक्टर ने छोटेलाल देवराव की चल-अचल संपत्ति कुर्क कर मुआवजा राशि वसूलकर पीडी खाते में जमा करने के आदेश दिए। आदेश के पालन में तहसीलदार वृत दुनावा, तहसील मुलताई द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
पीड़िता के अनुसार कार्रवाई के दौरान छोटेलाल देवराव के वारिसों ने तहसीलदार के सामने ही उन्हें जान से मारने की धमकी दी, वहीं आरोपियों के वकील द्वारा भी तहसील परिसर में उन्हें धमकाया गया। 23 अप्रैल को नीलामी प्रक्रिया के दौरान यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि पहले भी उन्हें और उनके बेटे को धमकियां दी जा चुकी हैं।
गिरिजा बाई ने कहा कि वह वृद्ध हैं, जिन्हें अपनी जमीन के कारण गांव आना पड़ता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए संबंधित आरोपी जिम्मेदार होंगे।




