Indian Farmers Union: भूमि अधिग्रहण के नाम पर किसानों की खड़ी फसल पर चलाई जेसीबी
सड़क निर्माण के लिए नपा ने की कार्रवाई, अन्नदाता बोले- तत्काल दे उचित मुआवजा

बैतूल। खड़ी फसल पर जेसीबी चलाने से आक्रोशित किसानों ने सोमवार 4 फरवरी को कलेक्ट्रेट पहुंचकर तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। जानकारी के अनुसार आमला नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम काजली, लालावाड़ी के समीप बेल नदी पर बैराज का निर्माण किया गया है। किसानों को जानकारी दी गई है कि सड़क निर्माण के लिए उनकी भूमि अधिग्रहित की गई। इस मामले में किसानों का कहना है कि सरकारी भूमि की उपलब्धता नहीं होने के कारण जो जमीन अधिग्रहित की गई वह ठीक है, लेकिन जहां पहले से सरकारी रास्ता और सरकारी भूमि उपलब्ध होने के बावजूद भी किसानों की उपजाऊ भूमि अधिग्रहित करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। किसानों ने जब इसका विरोध किया तो नगर पालिका प्रशासन द्वारा जबरदस्ती किसानों के खेत में जेसीबी चलाकर उनकी खड़ी फसल को नुकसान कर दिया गया।

किसानों का कहना है कि प्रशासन द्वारा संवेदनहीनता का परिचय देते हुए बलपूर्वक कार्रवाई की जा रही है। किसानों ने मांग की है कि फसल नुकसानी का मुआवजा उन्हें तत्काल प्रदान किया जाए। किसानों ने बताया कि सरकारी रास्ते का उपयोग वर्तमान में बैराज पर आने-जाने के लिए किया जा रहा है। किसानों ने मांग की है कि इस पर पक्की सड़क का निर्माण किया जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि उचित न्याय नहीं मिलने पर वह भारतीय किसान संघ के बैनर तले आंदोलन करेंगे। इसकी सूचना उन्होंने कलेक्टर एवं एसडीएम तहसीलदार आमला को भी प्रेषित की है।




