मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में बैतूल लगातार तीसरी बार प्रदेश में प्रथम, 98.27 अंक के साथ बनाया रिकॉर्ड

बैतूल। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जून-2026 माह की प्रदेश स्तरीय नगरीय निकायों की ग्रेडिंग में बैतूल जिले ने लगातार तीसरी बार प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान बनाया है। जिले ने 98.27 अंक प्राप्त करते हुए पूरे प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि नागरिकों की शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण के प्रति जिला प्रशासन की प्रभावी कार्यप्रणाली, जवाबदेही और सुशासन का प्रमाण मानी जा रही है।

जून-2026 की ग्रेडिंग में बैतूल जिले के सभी नगरीय निकायों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। नगर परिषद चिचोली, नगर पालिका परिषद बैतूल और नगर परिषद भैंसदेही ने 100 प्रतिशत स्कोर हासिल किया। नगर पालिका परिषद आमला ने 99.52 प्रतिशत, नगर पालिका परिषद सारनी ने 96.92 प्रतिशत, नगर पालिका परिषद मुलताई ने 95.38 प्रतिशत, नगर परिषद बैतूल बाजार ने 95.00 प्रतिशत, नगर परिषद आठनेर ने 94.55 प्रतिशत, नगर परिषद घोड़ाडोंगरी ने 90.00 प्रतिशत तथा नगर परिषद शाहपुर ने 87.14 प्रतिशत स्कोर प्राप्त किया।

जिले में सबसे उल्लेखनीय प्रदर्शन नगर पालिका परिषद बैतूल का रहा, जहां मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की सर्वाधिक 230 शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करते हुए 100 प्रतिशत स्कोर प्राप्त किया गया। इसे प्रभावी शिकायत प्रबंधन और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था का उदाहरण माना जा रहा है।

जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा), बैतूल के परियोजना अधिकारी नवनीत पांडे ने बताया कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी नगरीय निकायों और संबंधित अधिकारियों ने टीम भावना के साथ कार्य किया। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण, लंबित प्रकरणों की सतत समीक्षा और जवाबदेही सुनिश्चित करने के प्रयासों के कारण जिले को यह ऐतिहासिक उपलब्धि मिली है।

श्री पांडे ने इस सफलता का श्रेय कलेक्टर के मार्गदर्शन, सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जिले के सभी नगरीय निकायों की टीम को देते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button