भीषण सड़क हादसा: स्टेट हाईवे पर ऑटो और बाइक की जोरदार टक्कर, बाइक सवार दो युवकों की मौत

Betul News: भीषण सड़क हादसा: बैतूल: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के अंतर्गत आने वाले सारणी परासिया स्टेट हाईवे पर ऑटो और बाइक की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौके पर और दूसरे युवक की जिला अस्पताल लाते समय मौत हो गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राकेश धुर्वे उम्र 19 वर्ष निवासी ढकलीफाटा और उसका साथी प्रदीप धुर्वे उम्र 18 वर्ष निवासी ढकलीफाटा थाना सारणी बुधवार दोपहर में बाइक से घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन जा रहे थे । दोनों युवक मजदूरी का काम करते थे इस कारण नागपुर मजदूरी करने के लिए जाने बाइक से रेलवे स्टेशन जा रहे थे ।
तभी रास्ते में सारणी परासिया स्टेट हाईवे पर युवकों की बाइक की ऑटो से अचानक ही जोरदार टक्कर हो गई ।जिसमें प्रदीप धुर्वे की मौके पर ही मौत हो गई । उसके साथी राकेश धुर्वे को गंभीर हालत में डब्लूसीएल के अस्पताल लाया गया जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया था।
जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद राकेश को भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने राकेश धुर्वे के शव का जिला अस्पताल बैतूल में और प्रदीप धुर्वे का घोड़ाडोंगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपकर घटना की जांच शुरू कर दी है।




