SI Line Attached : फोन पर गालियां देने वाले भैंसदेही थाने के एसआई लाइन अटैच
महिलाओं और ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से की थी आडियो रिकार्डिंग के साथ शिकायत

SI Line Attached : बैतूल। जिले में महिला अपराधों के प्रति पुलिस की असंवेदनशीलता का नमूना भैंसदेही थाना बन गया। जिले के गुदगांव ग्राम की महिलाओं और नागरिकों के साथ हो रही अभद्रता और धमकियों के मामलों ने पुलिस तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भैसदेही थाना के एस.आई. फतेहबहादुरसिंग के खिलाफ गाली-गलौच और धमकी देने का गंभीर आरोप मय प्रमाण के लगाए गए। इसके बाद एसपी ने एसआई को लाइन हाजिर कर दिया है।
पीड़ित योगेश चढोकर ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है कि 15 जून 2024 को उनके पिता के अपेंडिक्स का आपरेशन परतवाडा में हुआ था और वे वहीं भर्ती थे, उनके मोबाइल नंबर पर भैसदेही थाना में पदस्थ एस.आई. फतेह बहादुरसिंग के नंबर से फोन आया। एसआई ने बिना परिचय दिए सीधे गंदी गालियां दी। जब योगेश ने अपने पिता के मोबाइल से बात की, तो उक्त उन्हें भी गंदी गालियां दीं और धमकी दी कि वह उन्हें घर से उठाकर घसीट-घसीट कर मारेगा। इस घटना के बाद, योगेश ने अपने बड़े भाई का नंबर एसआई को दिया, जिसके बाद उस नंबर पर भी धमकी भरे काल आए। इन सभी काल की रिकॉर्डिंग योगेश के मोबाइल में सुरक्षित है।
इस घटना की शिकायत करने के लिए योगेश की माता और बड़ी माता 17 जून 2024 को भैसदेही थाने गईं, लेकिन वहां एस.आई. फतेहबहादुरसिंग ने उन्हें भी डांट-फटकार कर भगा दिया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से एस.आई. के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्यवाही करने की मांग की ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
गुदगांव ग्राम की महिला किसानों ने एसपी से की छेड़छाड़ की शिकायत
गुदगांव ग्राम की महिला किसानों ने छेड़छाड़ और धमकियों के खिलाफ पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थाना भैसदेही में शिकायत दर्ज कराने पर भी उचित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। चन्द्रकला, निर्मला, नासिका और सकूबाई के अनुसार 15 जून 2024 को दोपहर 12 बजे के आसपास, धर्मराज मगरदे पिता रामू मगरदे (उम्र 35 वर्ष) ने खेत में काम कर रही निर्मला का हाथ बुरी नियत से पकड़ा और छेड़छाड़ करने लगा। जब निर्मला ने विरोध किया, तो धर्मराज ने गंदी गालियां दीं और सभी को जान से मारने की धमकी दी। धर्मराज ने पूर्व में भी धमकियां दी थीं और थाने में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। थाना भैसदेही ने उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया और आवेदिकाओं को डांटकर भगा दिया। शिकायतकर्ता महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक से धर्मराज मगरदे पिता रामू मगरदे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।




