Historic tribal conferences: 2 फरवरी को सोनारखापा में ऐतिहासिक आदिवासी सम्मेलन
राजमाता फुलवा देवी कांगे विशेष अतिथि के रूप में होंगी शामिल

बैतूल। आगामी 2 फरवरी 2025 को बैतूल जिले के ग्राम सोनारखापा में मांझी अंतर्राष्ट्रीय समाजवाद आदिवासी किसान सैनिक संस्था और अखिल भारतीय माता दंतेवाड़ी समाज समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक ऐतिहासिक आदिवासी सैनिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर भूमकाल विद्रोह के जननायक कंगला मांझी की धर्मपत्नी और राष्ट्रीय अध्यक्ष राजमाता श्रीमती फुलवा देवी कांगे अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ उपस्थित रहेंगी। राजमाता फुलवा देवी कांगे अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान 2 फरवरी को सुबह 7 बजे जी.टी. एक्सप्रेस से बैतूल पहुंचेंगी। उनका भव्य स्वागत सर्किट हाउस पर गार्ड ऑफ ऑनर के साथ किया जाएगा। इसके बाद वे 9 बजे मांझी नगर स्थित जिला कार्यालय में पूजा-अर्चना करेंगी। 11 बजे सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के बाद कार्यक्रम स्थल सोनारखापा के लिए प्रस्थान करेंगी, जहां वे 12 बजे पहुंचेंगी।
कार्यक्रम का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर और विभिन्न प्रदर्शनियां शामिल होंगी। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रात्रि विश्राम के लिए राजमाता सोनारखापा के स्थानीय निवासी विजयंत पति कुंजीलाल वाडिवा के निवास स्थान पर रुकेंगी।
अगले दिन, 3 फरवरी को, सुबह 10 बजे से राष्ट्र पूजा कार्यक्रम होगा, जिसके बाद 12 बजे से 5 बजे तक ग्रामवासियों के साथ सामाजिक चर्चा आयोजित की जाएगी। शाम को राजमाता सर्किट हाउस लौटेंगी और वहीं रात्रि विश्राम करेंगी। 4 फरवरी को वे जिला कार्यालय मांझी नगर हमलापुर में जिले के सभी पदाधिकारियों के साथ संवाद बैठक करेंगी।
कार्यक्रम की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन समिति ने पुलिस बल तैनात करने, साफ-सफाई, टेंट व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए प्रशासन से अनुरोध किया है। सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ जनजातीय समुदाय और आदिवासी किसान सैनिक प्रतिनिधि, प्रेसिडेंट, सेक्रेटरी, चपरासी, महिला मंडल और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। जिला प्रशासन, पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार, जनपद पंचायत अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबद्ध विभागों को भी सूचित किया गया है।
– सांसद एवं जनजाति कल्याण मंत्री को किया आमंत्रित
मांझी सरकार संस्था और आदिवासी सैनिकों ने दुर्गादास उइके, सांसद एवं जनजाति कल्याण मंत्री, भारत सरकार से मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निवेदन किया है। सैनिकों ने माननीय मंत्री से इस ऐतिहासिक आयोजन में उपस्थिति देकर जनजातीय समाज को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया है।




